
जयपुर | शाबाश इंडिया।
महावीर पब्लिक स्कूल में अलंकरण समारोह-2026 गरिमापूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में नव-निर्वाचित छात्र परिषद् के पदाधिकारियों को बैज एवं सैश पहनाकर उनके दायित्वों का औपचारिक हस्तांतरण किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती सीमा जैन ने छात्र परिषद् के प्रमुख पदाधिकारियों को बैज पहनाकर सम्मानित किया, जबकि हाउस मास्टर्स ने विभिन्न सदनों के हाउस कैप्टन एवं प्रीफेक्ट्स को बैज एवं सैश पहनाकर अलंकृत किया। प्राचार्या ने नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए उन्हें ईमानदारी, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सेवा-भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया।
इस वर्ष मास्टर देवांश गोधा को विद्यालय का हेड बॉय तथा कुमारी अनुष्का शर्मा को हेड गर्ल नियुक्त किया गया। समारोह के दौरान नव-निर्वाचित छात्र-छात्राओं के चेहरे पर आत्मविश्वास, गर्व और नई जिम्मेदारियों के प्रति समर्पण की भावना स्पष्ट दिखाई दी।
विद्यालय प्रबंधन एवं प्राचार्या ने छात्र परिषद् के सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। उपस्थित अभिभावकों ने भी अपने बच्चों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यालय की इस पहल की सराहना की।
समारोह के अंत में कल्चरल हेड बॉय मास्टर मानव जोनवाल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


