
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
उदयपुर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लखावली (ब्लॉक–बड़गांव) के आर्थिक रूप से कमजोर आदिवासी गमेती समाज के 15 विद्यार्थियों के लिए तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण प्रेरणा और नए अनुभवों से भरपूर साबित हुआ। विद्यार्थियों को इस शैक्षणिक यात्रा के लिए श्री मोहनलाल पटेल, प्रशासक एवं मंडल अध्यक्ष, बड़गांव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. मंजुलता परिहार ने बताया कि राउंड टेबल 253 संस्था के “कल्पना की उड़ान” कार्यक्रम के अंतर्गत 4 छात्र एवं 11 छात्राओं को उदयपुर से रेलमार्ग द्वारा जयपुर ले जाया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने राजस्थान विधानसभा का अवलोकन कर लोकतांत्रिक व्यवस्था की कार्यप्रणाली को समझा। साथ ही प्लेनेटेरियम में विज्ञान एवं अंतरिक्ष की रोचक जानकारी प्राप्त की तथा प्ले हाउस में विभिन्न रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया।
यात्रा का सबसे यादगार क्षण तब रहा, जब अधिकांश विद्यार्थियों ने पहली बार हवाई जहाज में सफर किया। जयपुर से उदयपुर की हवाई यात्रा ने उनके सपनों को नई ऊंचाई दी और यह विश्वास जगाया कि शिक्षा, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
पूरे भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के साथ प्रधानाचार्य डॉ. मंजुलता परिहार एवं प्रयोगशाला सहायक राकेश पालीवाल उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें शिक्षा, विज्ञान और नए अनुभवों से जोड़ने का प्रयास किया।
यह शैक्षणिक भ्रमण केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि सीमित संसाधनों के बीच बड़े सपने देखने वाले विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को नई उड़ान देने का सशक्त माध्यम बना। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नई सोच विकसित करने, व्यक्तित्व निर्माण और उज्ज्वल भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


