
जयपुर | शाबाश इंडिया।
जयपुर। सांगानेर स्थित एम्बिशन किड्स एकेडमी में शनिवार को ‘ग्रीन डे’ का आयोजन उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, हरियाली के महत्व तथा प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन डॉ. एम.एल. जैन ‘मणि’ एवं डॉ. शांति मणि ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
उपाचार्य अनीता जैन ने बताया कि ग्रीन डे के अवसर पर नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी आकर्षक हरे रंग की वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे। बच्चों ने अपने साथ हरे रंग के फल, सब्जियां, पौधे, पत्तियां एवं अन्य हरित वस्तुएं लाकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। विद्यालय परिसर को भी हरियाली की थीम पर सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण प्रकृति की सुंदरता से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित गीत, कविता, भाषण, नृत्य एवं विभिन्न रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से ‘गो ग्रीन, सेव ग्रीन’ का संदेश दिया। शिक्षकों ने बच्चों को जल संरक्षण, वृक्षारोपण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के महत्व की जानकारी भी दी।
प्राचार्या डॉ. अलका जैन ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सकारात्मक सोच का विकास करते हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाने और दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतें अपनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अंत में निदेशक डॉ. मनीष जैन ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रीन डे का आयोजन विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं आनंददायक रहा। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।


