आगरा। शाबाश इंडिया।

धर्म, श्रद्धा और आस्था का अनुपम संगम उस समय देखने को मिला, जब परम पूज्य आचार्य श्री विशुद्ध सागर जी महाराज के प्रभावक शिष्य मुनि श्री समत्व सागर जी महाराज ससंघ का आगरा में ऐतिहासिक एवं भव्य मंगल प्रवेश हुआ। पूरे छीपीटोला क्षेत्र को भव्य स्वागत द्वारों, जैन धर्म के ध्वजों और रंग-बिरंगी पताकाओं से सजाया गया। श्रद्धालुओं के जयघोष, भक्ति और उत्साह से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा।
मुनि श्री सेवला से विहार करते हुए सर्वप्रथम शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, सदर बाजार पहुंचे। भगवान के दर्शन के उपरांत विशाल शोभायात्रा के साथ पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर, छीपीटोला के लिए प्रस्थान किया। शोभायात्रा में आचार्य श्री विशुद्ध सागर जी महाराज एवं आचार्य विराग सागर जी महाराज की मनोहारी झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। हाथों में जैन धर्म के ध्वज लिए श्रद्धालु जयघोष करते हुए भक्ति की अद्भुत मिसाल प्रस्तुत कर रहे थे।
मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने मुनि श्री का पुष्पवर्षा, पाद प्रक्षालन एवं भव्य आरती के साथ भावपूर्ण स्वागत किया। समाज की ओर से श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल एवं शीतल पेय की व्यवस्था भी की गई। छीपीटोला पहुंचने पर क्षमा सागर महिला मंडल ने रंग-बिरंगे ध्वजों के साथ भव्य अगवानी की, जबकि श्रावण संस्कृति महिला मंडल ने मंगल कलश एवं सुसज्जित आरती थालों के साथ आरती उतारी। समाज द्वारा 108 थालों से किए गए पाद प्रक्षालन का अलौकिक दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
इसके बाद मुनि श्री पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर पहुंचे, जहां मंदिर समिति ने विधिवत पाद प्रक्षालन एवं आरती कर उनका स्वागत किया। भगवान पारसनाथ के दर्शन के उपरांत निर्मल सदन में आयोजित धर्मसभा में आचार्य श्री विशुद्ध सागर जी महाराज के चित्र का अनावरण जयपुर से आए श्रद्धालुओं ने किया। दीप प्रज्वलन आगरा दिगंबर जैन परिषद के पदाधिकारियों जगदीश प्रसाद जैन, राकेश जैन एवं अमित जैन ने किया।
धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि श्री समत्व सागर जी महाराज ने आगरा जैन समाज की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में कहीं अनुपम भक्ति देखनी हो तो आगरा जैन समाज को देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी श्रद्धा, समर्पण और सेवा की भावना पूरे प्रदेश में दुर्लभ है। पिछले तीन महीनों से आगरा के श्रद्धालु उनके आहार-विहार की व्यवस्था में निरंतर लगे हुए हैं। छोटे-छोटे बच्चे भी विहार में साथ चलते हैं। उन्होंने कहा कि आगरा समाज की इसी अद्वितीय भक्ति के कारण आचार्य श्री विशुद्ध सागर जी महाराज ने उन्हें आगरा चातुर्मास के लिए भेजा है।
इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन में अध्यक्ष मनोज कुमार जैन, मुरारी लाल जैन, रमेश चंद जैन, मुकेश लले, अनिल फौजी, आशु बाबा, मुन्नालाल जैन, राजीव जैन, संजीव जैन, मुकेश जैन, दीपक जैन सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। महिला मंडलों से रेशी जैन, उषा जैन, संगीता जैन, मंजू जैन, मुनिया जैन, सोनिया जैन तथा मीडिया प्रभारी दिलीप जैन सहित हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने इस मंगल प्रवेश को ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय बना दिया।


