जयपुर। शाबाश इंडिया।

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में “विकसित भारत युवा कनेक्ट-2026” कार्यक्रम का आयोजन 17 जुलाई 2026 को प्रातः 10 बजे एस.एस. जैन सुबोध पी.जी. महाविद्यालय (स्वायत्तशासी), जयपुर के चाणक्य सभागार में किया जाएगा।
राष्ट्रीय सेवा योजना के क्षेत्रीय निदेशक श्री एस.पी. भटनागर ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना तथा राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व विकास एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी एवं स्वयंसेवक भाग लेंगे।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रेणु जोशी ने कहा कि युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने के लिए इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन सुबोध महाविद्यालय में किया जाना गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्र के प्रति समर्पण, सकारात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं तथा उन्हें देश के विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में विकसित भारत के लक्ष्य, युवा सहभागिता, सामाजिक नवाचार, नेतृत्व विकास एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। आयोजन में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक एवं शिक्षाविद् उपस्थित रहेंगे।


