ब्यावर/शाबाश इंडिया।

उदयपुर रोड स्थित श्री पार्श्वनाथ जैन हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, गायनिक वार्ड एवं लेबर रूम के नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण का शुभारंभ नवकार महामंत्र जाप एवं मंगलाचरण के साथ श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ।
ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि महाश्रती उमराव कंवर जी म.सा. की पावन प्रेरणा एवं भामाशाहों के उदार सहयोग से अस्पताल का चरणबद्ध आधुनिकीकरण निरंतर जारी है। इसी क्रम में नवीनतम तकनीक से सुसज्जित मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, आधुनिक लेबर रूम एवं अत्याधुनिक गायनिक वार्ड का निर्माण एवं नवीनीकरण किया गया है। इन सुविधाओं के प्रारंभ होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
शुभारंभ अवसर पर नवीन ओटी में विधिवत पूजन-अर्चन कर स्वास्तिक अंकित किया गया। मंगल कलश स्थापना के साथ शुभ मुहूर्त में नई चिकित्सा सेवाओं का शुभारंभ हुआ। उपस्थित श्रद्धालुओं एवं ट्रस्ट पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से नवकार महामंत्र का जाप कर अस्पताल की निरंतर प्रगति एवं जनकल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में श्री पार्श्वनाथ जैन मेडिकल रिलीफ ट्रस्ट के कार्याध्यक्ष तुलसी बोहरा, मंत्री कमलेश मोदी, एम. गौतमचंद बोहरा, ज्ञानचंद बिनायकीय, पद्मचंद बिनायकीय, महेंद्र चौपड़ा, मनीष कांकरिया सहित अनेक ट्रस्टी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से डॉ. सुरेंद्र गोदारा, डॉ. एस.पी. सिंह, डॉ. एस.आर. गहलोत, डॉ. राजेश गौड़, गायनिक सर्जन डॉ. अंजुला सिंह खूंगावत, डॉ. पूर्वी कर्णी, डॉ. किरण शामलानी सहित चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहे।
अस्पताल प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि इन अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के प्रारंभ होने से ब्यावर एवं आसपास के क्षेत्र के मरीजों को अब महानगरों जैसी उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगा।


