जयपुर/शाबाश इंडिया।

नवकार ग्रुप के 16 सदस्यों की चार दिवसीय धार्मिक यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। ग्रुप अध्यक्ष मोहनलाल गंगवाल ने बताया कि यात्रा का शुभारंभ भट्टारक जी की नसियां, नारायण सिंह सर्किल, जयपुर से हुआ, जहां से सभी सदस्य धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए रवाना हुए।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने सबसे पहले मुरैना स्थित ज्ञान तीर्थ के भव्य जैन मंदिर में दर्शन, पूजन एवं प्रक्षाल किया। इसके बाद ग्वालियर के गोपांचल पर्वत तथा सोनागिरि के स्वर्ण मंदिर में दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने गोलाकोट स्थित स्वर्ण मंदिर के भी दर्शन किए। मंदिर की भव्य वास्तुकला एवं स्वर्ण अलंकरण ने सभी का मन मोह लिया और सदस्यों ने इसकी मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
गोलाकोट में प्रदीप कुमार तेरापंथी एवं हर्षित जैन ने भगवान का अभिषेक किया। यात्रा के दौरान सभी स्थानों पर पूर्व से वातानुकूलित आवास की व्यवस्था की गई थी। विशेष रूप से गोलाकोट के आवास की सुविधाओं की सदस्यों ने पांच सितारा होटल जैसी उत्कृष्ट व्यवस्था बताते हुए सराहना की।
पूरी यात्रा के दौरान ज्ञानचंद गंगवाल ने भजन एवं फिल्मी गीत प्रस्तुत कर वातावरण को आनंदमय बनाए रखा। वहीं, श्रीमती कौशल्या जैन ने अंताक्षरी एवं हाउजी जैसे मनोरंजक कार्यक्रमों का संचालन कर सभी सदस्यों का भरपूर मनोरंजन किया।
धार्मिक एवं आनंदमय वातावरण के बीच यात्रा हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई और सभी सदस्य सकुशल जयपुर लौट आए। यात्रा के समापन पर ग्रुप अध्यक्ष मोहनलाल गंगवाल ने सभी सदस्यों के सहयोग एवं सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।


