Friday, November 27, 2026

स्काईविन प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षकों ने सीखीं अनुभवजन्य शिक्षण की नवीन विधियां

Oplus_131072

सुबोध पब्लिक स्कूल, एयरपोर्ट में आयोजित कार्यशाला में गतिविधि आधारित और विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षा पर दिया जोर

जयपुर (शाबाश इंडिया)।

सुबोध पब्लिक स्कूल, एयरपोर्ट में अनुभव एवं गतिविधि आधारित शिक्षण-अधिगम की स्काईविन अवधारणा से शिक्षकों को परिचित कराने के उद्देश्य से एक दिवसीय स्काईविन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्काईविन के संस्थापक, लेखक एवं शैक्षिक संस्थानों के परामर्शदाता श्री अशोक प्रल्हाद पाटिल ने किया। वे पतंजलि योगसूत्र के प्रशिक्षक तथा बाल मनोवैज्ञानिक भी हैं। इस अवसर पर स्काईविन इंटरनेशनल स्कूल, जलगांव की प्राचार्या श्रीमती ममता अश्विन खोना भी संसाधन व्यक्ति के रूप में उपस्थित रहीं।

प्रधानाचार्या श्रीमती आशी श्रीवास्तव एवं सीए निपुण डागा ने अतिथियों का स्मृति-चिह्न, ग्रीन गोल्ड तथा विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए सुंदर हस्तनिर्मित चित्र भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।

प्रशिक्षण सत्र की शुरुआत बिगिनर्स-3 के विद्यार्थियों के लिए श्रीमती ममता खोना द्वारा आयोजित रोचक स्थानीय मान (प्लेस वैल्यू) गतिविधि से हुई। इस गतिविधि में विद्यार्थियों ने जमीन पर लिखे अंकों के स्थानीय मान पर कूदते हुए और उन्हें जोर से बोलते हुए इकाई से दस करोड़ तक के स्थानीय मान सीखे। मात्र एक घंटे में अधिकांश विद्यार्थी स्थानीय मान को आत्मविश्वास के साथ पहचानने लगे।

इसके बाद सुबोध रामबाग, सुबोध सांगानेरी गेट, सुबोध ग्लोबल स्कूल, प्ले स्कूल सोडाला एवं देवनगर के शिक्षकों के लिए संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया। शिक्षकों ने कक्षाओं में इन शिक्षण विधियों के क्रियान्वयन से जुड़ी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका संसाधन व्यक्तियों ने व्यावहारिक उदाहरणों और समाधानों के माध्यम से निराकरण किया।

शिक्षकों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्या श्रीमती आशी श्रीवास्तव ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शिक्षा के क्षेत्र में आवश्यक बदलावों को अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को अनुभवजन्य एवं गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धतियां अपनानी चाहिए तथा कक्षाओं को शिक्षक-केंद्रित के बजाय विद्यार्थी-केंद्रित बनाना चाहिए।

सत्र का समापन श्री निपुण डागा ने किया। उन्होंने अभिभावक अभिविन्यास, अभिभावकों के साथ मूल्यांकन पत्रक साझा करने, विषय आधारित गतिविधियों तथा ‘एक बूंद, एक फसल’ पद्धति के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ज्ञानवर्धक, संवादात्मक एवं उपयोगी रहा। इसने शिक्षण प्रक्रिया में सहयोगात्मक, अनुभवजन्य और विद्यार्थी-केंद्रित दृष्टिकोण के महत्व को रेखांकित किया।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar