
जयपुर | शाबाश इंडिया।
एस.एस. जैन सुबोध पी.जी. महाविद्यालय (स्वायत्त), जयपुर के लिए यह गौरव का विषय है कि महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रेणु जोशी को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, दीर्घकालीन समर्पण और शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रतिष्ठित ‘लाइफटाइम अचीवमेंट ऑफ द ईयर अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान 30 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली के होटल ली मेरिडियन में आयोजित 8वें नेशनल एजुकेशन कॉन्क्लेव 2026 में प्रदान किया गया। इंटेक्सीलेंट चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (ICCI) एवं फेमफाइंडर्स मीडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन की थीम ‘इंडस्ट्री–एकेडेमिया इंटरफेस: ब्रिजिंग नॉलेज, बिल्डिंग फ्यूचर’ रही।
प्रो. (डॉ.) जोशी को यह सम्मान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, संस्थागत नेतृत्व और अकादमिक विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। उनके नेतृत्व में महाविद्यालय ने शैक्षणिक गुणवत्ता, नवाचार, कौशल विकास, अनुसंधान एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है।
कॉन्क्लेव में देशभर के शिक्षाविदों, अकादमिक विशेषज्ञों, उद्यमियों, स्टार्टअप प्रतिनिधियों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन में शिक्षा एवं उद्योग के बीच बेहतर समन्वय, नवाचार, कौशल विकास तथा भविष्य की शिक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए प्रो. (डॉ.) रेणु जोशी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही विश्वास जताया कि उनका कुशल नेतृत्व, दूरदर्शिता और शिक्षा के प्रति समर्पण भविष्य में भी संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।


