Wednesday, October 28, 2026

भक्तामर स्तोत्र दीप महाअर्चना अनुष्ठान में गूंजे जयकारे, आचार्य विद्यासागर जी को भारत रत्न देने की मांग

Oplus_131072

जयपुर | शाबाश इंडिया।

आचार्य श्री विद्यासागर जी एवं आचार्य श्री समयसागर जी महाराज के अवतरण दिवस पर भक्तिमय आयोजन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर महामुनिराज एवं पट्टाचार्य आचार्य श्री 108 समयसागर जी महामुनिराज के अवतरण दिवस के अवसर पर कीर्तिनगर स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में श्री महावीर नवयुवक मंडल के तत्वावधान में भक्तामर स्तोत्र दीप महाअर्चना अनुष्ठान आयोजित किया गया। कार्यक्रम की प्रस्तुति श्री विद्यासागर यात्रा संघ, जयपुर द्वारा दी गई। इस दौरान भक्तिमय वातावरण के बीच जयकारे गूंजते रहे।

श्री महावीर नवयुवक मंडल के मंत्री नरेंद्र बडजात्या ने बताया कि कार्यक्रम में आचार्य श्री के चित्र का अनावरण करने का सौभाग्य सतीश-नीलिमा, नमन एवं लवी गोधा समाचार जगत परिवार को प्राप्त हुआ।

आचार्य श्री की प्रेरणा से सेवा और स्वावलंबन के अनेक प्रकल्प

श्री विद्यासागर यात्रा संघ, जयपुर के प्रमुख मनीष चौधरी ने कहा कि सर्वोदय श्रमण आचार्य श्री 108 विद्यासागर महामुनिराज की पावन प्रेरणा से ऐसे अनेक सेवा एवं सामाजिक प्रकल्प संचालित हुए, जिन्होंने समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। रोजगार एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए हथकरघा केंद्रों की स्थापना, जीवदया के क्षेत्र में दयोदय गौशालाओं का निर्माण तथा बालिका शिक्षा एवं संस्कारों के लिए प्रतिभास्थली कन्या आवासीय विद्यालयों की स्थापना जैसे कार्य उनकी प्रेरणा से आगे बढ़े।

उन्होंने बताया कि आचार्य श्री ने हिंदी एवं क्षेत्रीय भाषाओं के विकास, देश के नाम के रूप में ‘भारत’ लिखने और बोलने की प्रेरणा तथा गाय से बने उत्पादों को प्रोत्साहन देने वाले केंद्रों की स्थापना पर भी बल दिया। चिकित्सा के क्षेत्र में आयुर्वेद के लिए पूर्णायु और एलोपैथी के लिए भाग्योदय जैसे बड़े चिकित्सा केंद्र भी इन सेवा प्रयासों से जुड़े हैं।

राजस्थान जैन युवा महासभा, जयपुर के प्रदेश महामंत्री विनोद जैन कोटखावदा ने बताया कि आचार्य श्री की प्रेरणा से कुंडलपुर, नेमावर, अमरकंटक, चंद्रगिरी और बीना बारह सहित अनेक स्थानों पर भव्य जैन मंदिरों के निर्माण एवं जीर्णोद्धार के कार्य हुए। उन्होंने कहा कि आचार्य श्री द्वारा प्रारंभ किए गए प्रकल्प अब नवाचार्य श्री 108 समयसागर जी महाराज के निर्देशन में आगे बढ़ाए जा रहे हैं।

आचार्य श्री विद्यासागर जी को भारत रत्न देने के लिए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन

आचार्य श्री विद्यासागर महामुनिराज को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग को लेकर जयपुर की प्राचीन पंजीकृत संस्था श्री महावीर नवयुवक मंडल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम ज्ञापन सौंपा। मंडल के अध्यक्ष पदम चंद सेठी ने यह ज्ञापन प्रस्तुत किया।

विनोद जैन कोटखावदा ने बताया कि आचार्य श्री को भारत रत्न दिलाने के उद्देश्य से जयपुर की विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम पत्र भेजे जा रहे हैं। ये पत्र विद्यासागरोदय (विद्यायतन) समाधि स्मारक समिति, चंद्रगिरी, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, छत्तीसगढ़ द्वारा निर्धारित प्रारूप के अनुसार प्रेषित किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों एवं उपस्थित समाजश्रेष्ठियों ने आचार्य श्री विद्यासागर महामुनिराज को भारत रत्न दिलाने के प्रयासों में योगदान देने का संकल्प लिया। भक्तामर स्तोत्र दीप महाअर्चना और अवतरण दिवस के इस आयोजन में श्रद्धालुओं ने गुरुजनों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

नमोस्तु शासन जयवंत हो।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar