
जयपुर | शाबाश इंडिया।
जयपुर के जनकपुरी-ज्योतिनगर स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर के सहस्रकूट जिनालय में रविवार को 1008 जिन प्रतिमाओं का ऐतिहासिक महामस्तकाभिषेक श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। सोने-सी चमकती जिन प्रतिमाओं का सुव्यवस्थित एवं अनुशासित अभिषेक देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। आयोजन में 700 से अधिक श्रद्धालुओं ने पुण्यार्जक बनकर अभिषेक किया। व्यवस्थाओं में युवा मंच के कार्यकर्ताओं ने प्रतिमाओं को निर्धारित क्रम से उतारने, अभिषेक के बाद पुनः विराजित करने और संपूर्ण व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
चार पुण्यार्जक परिवारों को मिला प्रथम अभिषेक का सौभाग्य
महामस्तकाभिषेक के प्रथम अभिषेक एवं भगवान नेमिनाथ की शांतिधारा का सौभाग्य फिरोजपुर झिरका निवासी सुभाष-राजेश गर्ग परिवार को मिला। द्वितीय अभिषेक एवं भगवान आदिनाथ की शांतिधारा पदम-पारस-पहुप बिलाला परिवार ने की। तृतीय अभिषेक एवं भगवान पार्श्वनाथ की शांतिधारा का पुण्यलाभ सोभाग-तरुण-पंकज अजमेरा परिवार ने प्राप्त किया, जबकि चतुर्थ अभिषेक देवेंद्र-मयूख-देवेश कासलीवाल परिवार ने किया। चौबीस तीर्थंकरों के नाम पर बनाए गए 24 समूहों में 24 परिवारों द्वारा एक साथ शांतिधारा का दृश्य अत्यंत मनोहारी रहा।
दीक्षा दिवस पर आचार्य श्री ने दिया संयम साधना का संदेश
वर्षायोग समिति के मुख्य संयोजक पदम जैन बिलाला के अनुसार, आचार्य श्री 108 आदित्य सागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में आयोजित दीक्षा दिवस महामहोत्सव में आचार्य श्री ने दीक्षा दिवस को ‘संयम महोत्सव’ बताया। उन्होंने कहा कि संयम और आत्मानुशासन के बिना आध्यात्मिक उन्नति संभव नहीं है। उन्होंने श्रद्धालुओं से जीवन में संयम अपनाने और साधना के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इसी अवसर पर मंदिर परिसर में लिफ्ट निर्माण कार्य का शिलान्यास कीर्तिनगर निवासी श्रेष्ठी अशोक-शकुंतला-अंकित-प्रियंका चांदवाड़ परिवार ने विधि-विधानपूर्वक किया।
गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति
समारोह में स्थानीय विधायक कालीचरण सराफ, पार्षद प्रेम बेड़तिया, पार्षद प्रेम जैन रांवका, मुख्यमंत्री के ओएसडी आनंद शर्मा, राजस्थान जैन सभा के महामंत्री मनीष वैद, राजस्थान युवा महासभा के अध्यक्ष प्रदीप लाला एवं महामंत्री विनोद कोटखावदा, महावीर स्कूल के मंत्री सुनील बख्शी, पदमपुरा कमेटी के अध्यक्ष सुधीर जैन, महावीर पाटनी, मंदिर महासंघ के राजकुमार कोठारी, धर्म जागृति संस्थान के संरक्षक राजीव जैन (गाजियाबाद), ओम काला (मामाजी), पंकज लुहाड़िया, महावीरजी क्षेत्र के भारत भूषण अजमेरा, मुनि संघ से जुड़े सतीश-अशोक खंडाका, मुकेश जैन, कमल पंसारी, जैन पत्रकार महासंघ के अध्यक्ष रमेश तिजारिया, महामंत्री उदय भान बडजात्या, राजाबाबू गोधा, सुरेंद्र बडजात्या, संस्कृत कॉलेज के मंत्री महेश चांदवाड़, जैन बैंकर्स के एन.के. सेठी, श्रीमाल सभा के नवल जैन, 10-बी से इंद्र कुमार जैन, बापूनगर से स्नेहलता एवं विकास काला, शांति कुमार, राहुल शाह, मनोज झांझरी और रमेश बोहरा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। आईपीएस गरिमा जैन सहित समाज के कई प्रतिष्ठित सदस्यों ने भी सहभागिता की।
दिल्ली के लक्ष्मीनगर, गुरुग्राम, फिरोजपुर झिरका, आगरा, उदयपुर, जसवंतनगर, रोसी, महावीरजी, ललितपुर, कानपुर, श्रीजी नगर, इंजीनियर्स कॉलोनी और बरकत नगर सहित विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम का शुभारंभ श्वेता, निकिता, प्रियंका और दीपिका के मंगलाचरण से हुआ। श्रीजी नगर एवं लक्ष्मीनगर के श्रद्धालुओं ने भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं। जैन पाठशाला के बालकों ने ‘जीवन जीने की कला’ लघु नाटिका के माध्यम से प्रेरक संदेश दिया। अनीता एवं मीना की हास्य नाटिका और लक्ष्मीनगर की ओर से प्रस्तुत ‘चली-चली ट्रेन’ ने दर्शकों का मनोरंजन किया।
प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान
प्रतियोगिता के परिणाम घोषित कर विजेताओं को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली दीक्षा जैन को 21,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। द्वितीय एवं तृतीय स्थान के विजेताओं को क्रमशः 11,000 रुपये और 7,100 रुपये के नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त 28 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
गुरु पूजन एवं जिनवाणी स्तुति के साथ समापन
समारोह का समापन गुरु पूजन एवं जिनवाणी स्तुति के साथ हुआ। आयोजन की व्यवस्थाओं और संचालन में जिनेश जैन ‘चीकू’ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रबंध समिति, युवा मंच, महिला मंडल और समाज के सदस्यों के सामूहिक सहयोग से महामस्तकाभिषेक एवं दीक्षा दिवस महामहोत्सव भव्य और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।


