Saturday, September 19, 2026

भीतर और बाहर एक समान होना ही आर्जव धर्म की पहचान : पं. रविकीर्ति

उदयपुर | शाबाश इंडिया।

महावीर भवन सेक्टर-14 में दिगंबर जैन समाज की ओर से चल रहे पर्युषण पर्व के तीसरे दिन उत्तम आर्जव धर्म की आराधना श्रद्धापूर्वक की गई। इस अवसर पर आयोजित धर्मसभा में पंडित रविकीर्ति ने कहा कि व्यक्ति के विचार, वाणी और व्यवहार में जब कोई अंतर नहीं रहता, तभी जीवन में वास्तविक सरलता और निष्कपटता आती है। मन, वचन और काया का एक भाव में होना ही सच्चे आर्जव धर्म की पहचान है।

उत्तम आर्जव धर्म दिवस की शुरुआत प्रातः श्रीजी के अभिषेक एवं शांतिधारा के साथ हुई। मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच समाजजनों ने आत्मशुद्धि एवं धर्म आराधना का संकल्प लिया। शांतिधारा का पुण्यार्जन झमक लाल देवड़ा परिवार ने प्राप्त किया।

धर्मसभा को संबोधित करते हुए पं. रविकीर्ति ने कहा कि आर्जव केवल सरल व्यवहार का नाम नहीं, बल्कि मनुष्य के संपूर्ण व्यक्तित्व की सहजता है। मन में कुछ और, वाणी में कुछ और तथा आचरण में कुछ और होना आत्मिक प्रगति में बाधक है। उन्होंने कहा कि छल, कपट और दिखावे से दूरी बनाकर सत्यनिष्ठ एवं सरल जीवन अपनाने से व्यक्ति भीतर से निर्मल बनता है और आध्यात्मिक उन्नति की दिशा में आगे बढ़ता है।

इस अवसर पर सौधर्म इंद्र-इंद्राणी बनने का सौभाग्य जमनालाल एवं कमला देवी धतानिया परिवार को मिला। उनके सानिध्य में विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए। समाज के महिला-पुरुषों एवं युवाओं ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की।

पर्युषण पर्व को नई पीढ़ी से जोड़ने के लिए महावीर जैन युवा परिषद की ओर से रात्रिकालीन धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें जैन पाठशाला के बालक धर्म आधारित नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से संस्कार, नैतिकता, अहिंसा और सदाचार का संदेश दे रहे हैं। बाल कलाकारों की प्रस्तुतियों को लेकर समाजजनों में विशेष उत्साह है।

ट्रस्ट महामंत्री भूरी लाल जैन ने बताया कि 25 सितंबर को समाज के मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान का विशेष आयोजन किया जाएगा। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के साथ डिप्लोमा एवं डिग्री प्राप्त प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन कर शिक्षा के प्रति सकारात्मक प्रतिस्पर्धा एवं जागरूकता बढ़ाना है।

ट्रस्ट अध्यक्ष भंवर लाल मुंडलिया ने धार्मिक पुण्यार्जन करने वाले परिवारों की अनुमोदना करते हुए आयोजन में सहयोग दे रहे समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

रिपोर्ट/फोटो: राकेश शर्मा ‘राजदीप’

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar