
काठमांडू | शाबाश इंडिया।
दस लक्षण महापर्व के पावन अवसर पर नेपाल की राजधानी काठमांडू स्थित श्री 1008 आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में धर्म प्रभावना के विशेष आयोजन किए जाएंगे। इस दौरान जैन समाज को धर्म के दस उत्तम गुणों के आध्यात्मिक महत्व से परिचित कराने के लिए विशेष प्रवचन एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
श्री 1008 आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, काठमांडू के अध्यक्ष सुभाष जैन सेठी ने बताया कि दसलक्षण महापर्व के दौरान विश्व प्रसिद्ध समाधि भक्ति के रचयिता 108 आचार्य श्री विभव सागर जी महाराज की परम प्रभावक शिष्या ब्रह्मचारिणी रुचि दीदी का सानिध्य प्राप्त होगा।
ब्र. रुचि दीदी अपने प्रेरणादायी प्रवचनों, भक्ति एवं धार्मिक मार्गदर्शन के माध्यम से समाज को दसलक्षण धर्म के दस उत्तम गुणों की गहराई और उनके जीवन में महत्व से परिचित कराएंगी। उनके आगमन को लेकर काठमांडू के जैन समाज में विशेष उत्साह और उल्लास का वातावरण है।
मंदिर कमेटी ने सभी श्रावक-श्राविकाओं से आग्रह किया है कि वे इस पावन अवसर का लाभ उठाते हुए अधिक से अधिक संख्या में आयोजन में उपस्थित हों और धर्म लाभ प्राप्त करें।


