
सागर | शाबाश इंडिया।
वैश्य महासम्मेलन जिला इकाई शाहगढ़ की कोर कमेटी की बैठक सोनी जी भवन, मकरोनिया में आयोजित हुई। बैठक में इस वर्ष रहली में जिला वैश्य सम्मेलन एवं वैश्य प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित करने की स्वीकृति दी गई। इस अवसर पर जिला महामंत्री मनीष विद्यार्थी द्वारा संपादित ‘वैश्यवार्ता’ समाचार पत्र के प्रथम अंक का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री निकेश गुप्ता, संभागीय अध्यक्ष गिरजेश सोनी, प्रदेश महामंत्री युवा सचिन जैन, संभागीय अध्यक्ष युवा डॉ. नितिन जैन तथा विशिष्ट अतिथि जिला प्रभारी कमल डेवडिया रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष निक्की बृजपुरिया ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, वैश्य गान एवं स्वागत गीत के साथ हुआ। मंचासीन अतिथियों का जिला पदाधिकारियों द्वारा शॉल, श्रीफल, माला एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। महामंत्री ने संगठन की गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। जिला महामंत्री विकास चौरसिया ने इस वर्ष रहली में जिला सम्मेलन एवं वैश्य प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित करने की स्वीकृति प्रदान की, जिसका उपस्थित सदस्यों ने तालियों के साथ अनुमोदन किया।
इस अवसर पर महिला इकाई की संभागीय अध्यक्ष विनीता केसरवानी, महिला इकाई जिला अध्यक्ष प्रीति पटवारी, जिला मंत्री डॉ. अशोक जैन, महेश गुप्ता, विकास चौरसिया एवं पत्रकार प्रकाश अदावन ने अपने विचार रखे। इसके बाद जिला महामंत्री मनीष विद्यार्थी द्वारा संपादित ‘वैश्यवार्ता’ समाचार पत्र के प्रथम अंक का विमोचन किया गया।
जिला इकाई शाहगढ़ की ओर से भारतीय जनता पार्टी में विभिन्न दायित्व एवं विशिष्ट स्थान प्राप्त करने वाले पदाधिकारियों का भी सम्मान किया गया। इनमें सागर जिला उपाध्यक्ष निकेश गुप्ता, महिला मोर्चा ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रीति पटवारी, सह मीडिया प्रभारी विनीता केसरवानी तथा स्व-सहायता समूह प्रकोष्ठ की प्रदेश सह संयोजक श्रीमती पूनम साहू शामिल रहीं।
संभागीय अध्यक्ष गिरजेश सोनी ने कहा कि वैश्य महासम्मेलन के माध्यम से वैश्य समाज को जागृत करने, वैश्य हितों के लिए कार्य करने तथा समाज को प्रगति के पथ पर स्थापित करने का लक्ष्य सभी का है। उन्होंने कहा कि संगठन समाज उत्थान में सक्रिय भागीदारी के लिए संकल्पित है।
जिला अध्यक्ष निक्की बृजपुरिया ने कहा कि वैश्य महासम्मेलन द्वारा भोपाल में विशाल भवन का निर्माण किया जा रहा है, जो प्रदेशभर के वैश्य बंधुओं को जोड़ने और संगठन के कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि महासम्मेलन को गांव-गांव तक पहुंचाना है और जहां भी वैश्य समाज का एक परिवार निवास करता है, उसे संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाना चाहिए।
मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री निकेश गुप्ता ने बताया कि सागर जिले को वैश्य महासम्मेलन के संगठनात्मक कार्यों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बीना, शाहगढ़ एवं सागर तीन जिलों में विभाजित किया गया है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ना और उन्हें सक्रिय रूप से समाजहित के कार्यों में सहभागी बनाना है।
कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उपस्थित सदस्यों ने एक-एक पौधा लगाकर वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री मनीष विद्यार्थी ने किया, जबकि आभार जिला उपाध्यक्ष उमेश कनकने ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष बद्री विशाल साहू, सागर नगर अध्यक्ष संध्या केसरवानी, नगर प्रभारी रोहिणी साहू सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रकाशनार्थ: मनीष विद्यार्थी, सागर


