
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
शिक्षा केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार, खेल प्रतिभा और तकनीकी दक्षता के विकास का माध्यम बने—इसी संदेश के साथ महेश सेवा संस्थान का 30वां स्थापना दिवस एवं शिक्षक सम्मान समारोह उत्साहपूर्वक मनाया गया। समारोह में शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 30 शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उप महानिरीक्षक जेल, उदयपुर सुमन मालीवाल, आरएएस रमेश बहेड़िया, व्यवसायी एवं समाजसेवी निरंजन लाल राठी तथा महेश सेवा समिति उदयपुर के अध्यक्ष देवेंद्र मालीवाल सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए सुमन मालीवाल ने महेश पब्लिक स्कूल को कक्षा 10 तक क्रमोन्नत करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षण पद्धति में नई तकनीकों का समावेश जरूरी है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी अधिक अवसर दिए जाने चाहिए, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके।
आरएएस रमेश बहेड़िया ने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है, जब उसके साथ संस्कार भी जुड़े हों। विद्यालय विद्यार्थियों को ज्ञान देने के साथ उन्हें जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं निरंजन लाल राठी ने समाज के विद्यार्थियों को शिक्षा के किसी भी स्तर पर आर्थिक कठिनाई आने पर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम संयोजक गोविंदलाल लावटी ने महेश पब्लिक स्कूल की विभिन्न गतिविधियों और उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। संस्थान अध्यक्ष राजेश राठी ने संस्था की 30 वर्ष की यात्रा, सामाजिक सरोकारों और शिक्षा संबंधी उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिक्षक दिवस कार्यक्रम के लिए मुंबई के अनिल राठी ने स्व. पुरुषोत्तम राठी एवं स्व. जानकी राठी की स्मृति में सहयोग प्रदान किया है।
समारोह में 30 शिक्षक-शिक्षिकाओं को उपरना ओढ़ाकर श्रीफल, पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। सम्मानित शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शिव स्तुति, राजस्थानी गीत और काव्य प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक रंग भी बिखेरा।
मंच पर उपाध्यक्ष जितेंद्र ईनाणी, लक्ष्मीकान्त मूंदड़ा तथा सचिव ललित प्रसाद माहेश्वरी ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर अनिल दाखेड़ा, रामबाबू खटोड़ा, ओमप्रकाश भदादा, बालकिशन जागेटिया, संरक्षक सदस्य बसंत काबरा, प्रकाश देवपुरा सहित अनेक समाजजन एवं संस्था सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सरोज सोड़ाणी एवं कविता बल्दवा ने किया। अंत में सचिव ललित प्रसाद माहेश्वरी ने अतिथियों, सदस्यों एवं विद्यालय स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट/फोटो: यौवन्तराज माहेश्वरी


