
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
झीलों की नगरी उदयपुर अक्टूबर के पहले सप्ताह में एक बार फिर स्वास्थ्य जागरूकता के बड़े आयोजन की मेजबानी करेगी। ग्लोबल हेल्थ एंड वेलनेस फेस्टिवल (GHWF) उदयपुर-2026 का आयोजन 3 और 4 अक्टूबर को किया जाएगा। पारस हॉस्पिटल में गुरुवार को फेस्टिवल के पोस्टर का विमोचन कर आयोजन की रूपरेखा साझा की गई।
ग्लोबल आरोग्य हेल्थकेयर फाउंडेशन की पहल पर जस्ट हेल्थ एंड वेलनेस द्वारा बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल तथा पारस हेल्थ के सहयोग से आयोजित यह फेस्टिवल श्रृंखला का छठा सीजन और उदयपुर में दूसरा संस्करण होगा। फाउंडेशन के हिम्मतसिंह ने बताया कि इस बार आयोजन को दो दिनों तक विस्तारित किया गया है, जिसमें चिकित्सा सेवा के साथ स्वास्थ्य जागरूकता, सम्मान और नेटवर्किंग को भी शामिल किया गया है।
बीसीआई के संस्थापक मुकेश माधवानी ने बताया कि 3 अक्टूबर को स्टर्लिंग अरावली में ‘टॉप-50 हेल्थकेयर अवार्ड्स’ एवं प्री-नेटवर्किंग कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें राजस्थान के हेल्थकेयर एवं हेल्थ इंश्योरेंस क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चिकित्सकों और प्रोफेशनल्स को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही राज्य की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति में योगदान देने वाले 20 प्रमुख बिजनेस घरानों का भी अभिनंदन किया जाएगा।
फेस्टिवल का मुख्य स्वास्थ्य आयोजन 4 अक्टूबर को आमजन के लिए आयोजित होगा। पारस हेल्थ के फैसिलिटी डायरेक्टर अनुभव सुखवानी ने बताया कि विभिन्न सुपर-स्पेशियलिटी विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सक एक ही मंच पर आमजन को निःशुल्क परामर्श देंगे। इसके साथ ही कई प्रकार की हेल्थ स्क्रीनिंग भी निःशुल्क की जाएगी।
चिकित्सकीय परामर्श के बाद आवश्यकता वाले चयनित लोगों को टीएमटी, यूएसजी, 2डी इको एवं एमआरआई जैसी अत्याधुनिक जांचों के लिए निःशुल्क कूपन भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
महिलाओं के स्वास्थ्य को विशेष प्राथमिकता देते हुए ब्रेस्ट कैंसर अवेयरनेस ड्राइव भी आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से समय रहते रोग की पहचान, बचाव और नियमित जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही मैमोग्राफी स्क्रीनिंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
फेस्टिवल के दौरान पांच पैनल डिस्कशन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विशेषज्ञ चिकित्सक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक मुद्दों पर संवाद करेंगे। आयोजकों के अनुसार आयोजन का मूल संदेश है—“बीमारी के बाद इलाज से पहले जागरूकता और बचाव।”
पोस्टर विमोचन के अवसर पर एसोसिएट्स जोनल हेड राहुल पचौरी, मयूर व्यास, मार्केटिंग कंसल्टेंट मनीष मेनारिया, पारस हेल्थ उदयपुर से डॉ. वैशाली बोडेले तथा बीसीआई उत्सव के संजीव पटवा सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’


