Friday, September 4, 2026

पद्मावती पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव

जयपुर, मानसरोवर | शाबाश इंडिया।

श्री महावीर दिगंबर जैन शिक्षा परिषद के तत्वावधान में संचालित पद्मावती पब्लिक स्कूल, मानसरोवर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों तथा प्रेम, करुणा और सद्भावना के संदेश से परिचित कराना रहा।

जन्माष्टमी के अवसर पर नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण एवं राधा की मनमोहक वेशभूषा में सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने कृष्ण-राधा के रूप में सुंदर नृत्य प्रस्तुतियां दीं तथा श्रीकृष्ण से संबंधित कविताओं एवं बाल-कविताओं का सस्वर वाचन किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के महत्व एवं भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण बातों की जानकारी दी गई। बच्चों के लिए विशेष फोटो शूट का भी आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने कृष्ण-राधा के रूप में यादगार तस्वीरें खिंचवाईं।

उत्सव को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए विद्यालय परिसर में श्रीकृष्ण की सुंदर झांकी सजाई गई। विद्यार्थियों ने जन्माष्टमी से संबंधित विभिन्न रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने भारतीय संस्कृति एवं त्योहारों की परंपराओं को आनंदपूर्वक समझा और अनुभव किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती हेमलता जैन के मार्गदर्शन में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में भारतीय संस्कृति, संस्कारों एवं परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का समापन उल्लास, भक्ति एवं आनंदमय वातावरण के साथ हुआ।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar