Friday, August 28, 2026

एम्बिशन किड्स एकेडमी में ‘राखी फॉर ट्रीज़’ एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन

जयपुर | शाबाश इंडिया।

एम्बिशन किड्स एकेडमी, सांगानेर, जयपुर में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर ‘राखी फॉर ट्रीज़’ एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन उत्साह, हर्षोल्लास एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना के साथ किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की मुख्य थीम “प्रकृति को राखी — पेड़ों की रक्षा का संकल्प” रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन डॉ. एम. एल. जैन ‘मणि’ एवं डॉ. शांति जैन द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ ही कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन हुआ।

इसके पश्चात विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अलका जैन ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कार्यक्रम की थीम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, पेड़ों एवं पर्यावरण की रक्षा का संदेश भी देता है। उन्होंने सभी को प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या श्रीमती अनीता जैन ने कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने पौधारोपण, पौधों को इको-फ्रेंडली राखी बांधने, पर्यावरण संरक्षण संबंधी नारे, राखी गीत एवं प्रकृति कविता, ‘राखी फॉर ट्रीज़’ विषय पर लघु नाटिका तथा पौधों के साथ समूह छायाचित्र जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में प्रकृति प्रेम, जिम्मेदारी एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे पेड़ों की रक्षा करेंगे, उनकी नियमित देखभाल करेंगे तथा विद्यालय परिसर को हरा-भरा एवं स्वच्छ बनाए रखने में अपना योगदान देंगे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के निदेशक डॉ. मनीष जैन ने सफल आयोजन के लिए सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम का समापन “एक राखी पेड़ों के नाम — सुरक्षित रहे हमारा पर्यावरण” के संदेश के साथ हुआ।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar