
ब्यावर | शाबाश इंडिया।
श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय में नवप्रवेशित छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महाविद्यालय की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन, नियमों एवं संस्थान के मूल्यों से परिचित कराना था, ताकि वे आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच के साथ अपने नए शैक्षणिक जीवन की शुरुआत कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महाविद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं प्रकोष्ठों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें एनसीसी, एनएसएस, रेड रिबन क्लब, खेल गतिविधियों, सांस्कृतिक मंच “झंकार”, एंटी रैगिंग क्लब, छात्रवृत्ति योजनाओं, समाज कल्याण विभाग तथा मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना सहित विभिन्न सह-पाठ्यक्रम एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रमों से अवगत कराया गया। साथ ही शैक्षणिक व्यवस्था, परीक्षा प्रणाली, अनुशासन, छात्रा कल्याण योजनाओं एवं महाविद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी दी गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.सी. लोढ़ा ने कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री प्राप्त करने का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और जीवन मूल्यों के विकास का सशक्त मंच है। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के साथ-साथ एनसीसी, एनएसएस, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर अपने सर्वांगीण विकास की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेन्द्र पारख ने नवप्रवेशित छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि संस्कारवान, आत्मविश्वासी एवं नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण नागरिक तैयार करना है। उन्होंने छात्राओं से महाविद्यालय द्वारा उपलब्ध प्रत्येक अवसर का लाभ उठाकर अपने कौशल का विकास करने और जीवन में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें महाविद्यालय परिवार की ओर से उज्ज्वल एवं सफल शैक्षणिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।


