Saturday, August 1, 2026

राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने किया एयू जयपुर मैराथन 2027 के रजिस्ट्रेशन पोस्टर का विमोचन

जयपुर | शाबाश इंडिया।

राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने राजस्थान गौरव अवॉर्ड्स समारोह के दौरान संस्कृति युवा संस्था एवं वर्ल्ड ट्रेड पार्क द्वारा एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के सहयोग से आयोजित एयू जयपुर मैराथन 2027 के रजिस्ट्रेशन पोस्टर का भव्य विमोचन किया। समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष एवं एयू जयपुर मैराथन के मुख्य आयोजक पं. सुरेश मिश्रा ने बताया कि एयू जयपुर मैराथन का 18वां संस्करण 14 फरवरी 2027 (वैलेंटाइन डे) को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार मैराथन का अभियान मित्रता, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक एकता के संदेश पर आधारित होगा। फ्रेंडशिप डे पर इसकी शुरुआत होगी, जबकि वैलेंटाइन डे पर हजारों धावक साथ दौड़कर फिटनेस और रिश्तों की मजबूती का संदेश देंगे।

उन्होंने बताया कि एयू जयपुर मैराथन AIMS (Association of International Marathons and Distance Races) Certified Marathon होने के साथ ही World Marathon Majors Qualifier के रूप में भी अपनी विशेष पहचान रखती है। पिछले 17 वर्षों में यह आयोजन देश की रनिंग संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुका है।

एयू जयपुर मैराथन के सीईओ एवं इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इवेंट मैनेजमेंट के प्रबंध निदेशक मुकेश मिश्रा ने बताया कि 2 अगस्त (फ्रेंडशिप डे) को जयपुर रनर्स क्लब द्वारा आयोजित त्रिमूर्ति मानसून रन के दौरान एयू जयपुर मैराथन 2027 के रजिस्ट्रेशन का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। यह आयोजन कूकस स्थित नेचुरल पर्ल फार्म स्टे में होगा, जिसमें जयपुर के एक हजार से अधिक धावक भाग लेकर अभियान की शुरुआत करेंगे।

उन्होंने बताया कि पहले चरण में केवल फुल मैराथन (42.195 किमी) एवं हाफ मैराथन (21.097 किमी) के लिए पंजीकरण खोले जाएंगे। हाफ मैराथन के लिए 7,500 तथा फुल मैराथन के लिए 2,500 प्रतिभागियों की सीटें निर्धारित की गई हैं।

आयोजकों ने बताया कि 14 फरवरी 2027 को जयपुर में देश-विदेश से हजारों धावक एक साथ दौड़ेंगे और एयू जयपुर मैराथन एक बार फिर स्वास्थ्य, मित्रता, एकता एवं मानवीय मूल्यों के विश्वस्तरीय उत्सव के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगी। “दौड़ते कदमों का उत्सव” थीम पर आधारित इस संस्करण में दोस्त, परिवार, जीवनसाथी और फिटनेस प्रेमी साथ दौड़कर स्वस्थ जीवन का संदेश देंगे।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar