Thursday, July 30, 2026

कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने छात्राओं को सुरक्षा एवं आत्मरक्षा के प्रति किया जागरूक

जयपुर | शाबाश इंडिया।

सुबोध पब्लिक स्कूल, नियर एयरपोर्ट में राजस्थान पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा छात्राओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से जागरूकता एवं आत्मरक्षा सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनकी सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में उपलब्ध पुलिस सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।

सत्र के दौरान छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 1090 एवं 181, गरिमा हेल्पलाइन तथा राजस्थान पुलिस के आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म राजकॉप (RAJCOP) सिटिजन ऐप की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस ऐप के माध्यम से नागरिक आपातकालीन एसओएस अलर्ट भेज सकते हैं, शिकायत दर्ज कर उसकी प्रगति जान सकते हैं तथा विभिन्न पुलिस सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम में छात्राओं को घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, साइबर अपराध तथा महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर पुलिस से सहायता प्राप्त करने की सरल प्रक्रिया भी समझाई गई। अधिकारियों ने छात्राओं को किसी भी असुरक्षित स्थिति में बिना किसी भय या संकोच के हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण आत्मरक्षा का व्यावहारिक प्रदर्शन रहा। इसमें छात्राओं को आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के लिए सरल एवं प्रभावी तकनीकों का अभ्यास कराया गया, जिससे उनमें आत्मविश्वास, साहस और सजगता का संचार हुआ।

कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त की। यह जागरूकता अभियान छात्राओं को सुरक्षा के प्रति सजग बनाने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar