
जयपुर | शाबाश इंडिया।
वीर शासन जयंती के पावन अवसर पर जनकपुरी स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर में आचार्य श्री 108 आदित्य सागर जी महाराज ससंघ के सान्निध्य में विविध धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुए।
प्रातःकाल भगवान महावीर स्वामी का विधि-विधानपूर्वक अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन-अर्चना की गई। इस अवसर पर आचार्य श्री आदित्य सागर जी महाराज ने वीर शासन जयंती का आध्यात्मिक महत्व बताते हुए भगवान महावीर के अहिंसा, संयम, करुणा एवं आत्मकल्याण के संदेश को जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के प्रारंभ में संघस्थ दीदी आरती द्वारा मंगलाचरण प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। आगरा से पधारे पं. जिनेश जैन शास्त्री एवं शैलेन्द्र जैन ने आचार्य श्री का श्रद्धापूर्वक पाद प्रक्षालन कर शास्त्र भेंट अर्पित की तथा धर्म के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त की।
इसी अवसर पर श्रावक रमेश साखुनियाँ एवं श्रीमती रूबल निखिल शाह द्वारा सम्पन्न किए गए अष्टाह्निका महापर्व के व्रतों का विधिवत पारणा कराया गया।
पारणा के उपरांत व्रती श्राविका श्रीमती रूबल शाह का श्री दिगम्बर जैन मंदिर से उनके निवास तक गाजे-बाजे एवं बग्गी के साथ भव्य धार्मिक जुलूस निकाला गया। जुलूस में वर्षायोग समिति, महिला मंडल, जैन युवा मंच तथा समाज के अनेक श्रद्धालु भक्ति-भाव के साथ शामिल हुए।
श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर स्वामी के बताए अहिंसा, सत्य, संयम एवं आत्मकल्याण के मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हुए वीर शासन जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई।


