Wednesday, July 29, 2026

फागी में आर्यिका श्रुतमति माताजी ससंघ ने स्थापित किया पावन चातुर्मास 2026 का 52वां मंगल कलश

फागी | शाबाश इंडिया।

फागी कस्बे के पार्श्वनाथ चैत्यालय में विराजमान तृतीय पट्टाधीश जैनाचार्य धर्मसागर जी महाराज से दीक्षित 80 वर्षीय वयोवृद्ध आर्यिका श्रुतमति माताजी एवं आर्यिका सुबोधमति माताजी ससंघ ने जयकारों के बीच पावन चातुर्मास 2026 का 52वां मंगल कलश हर्षोल्लासपूर्वक स्थापित किया। इस अवसर पर फागी जैन समाज द्वारा गुरु पूर्णिमा महोत्सव भी श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाया गया।

राजस्थान जैन महासभा शाखा फागी के महामंत्री राजाबाबू गोधा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः पार्श्वनाथ चैत्यालय में श्रीजी के अभिषेक, शांतिधारा एवं अष्टद्रव्यों से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। आर्यिका संघ के पावन सानिध्य में सकल दिगम्बर जैन समाज फागी की ओर से गुरु पूर्णिमा का आयोजन किया गया।

फागी पंचायत के पूर्व प्रधान सुकुमार झंडा ने बताया कि जैन धर्म में गुरु पूर्णिमा आषाढ़ शुक्ल पूर्णिमा के दिन मनाई जाती है। यह पर्व भगवान महावीर स्वामी द्वारा प्रथम गणधर इंद्रभूति गौतम को शिष्य बनाने एवं जैन संघ की स्थापना की स्मृति से जुड़ा हुआ है। इस दिन जैन अनुयायी अपने आचार्य, उपाध्याय एवं साधु-संतों की वंदना करते हुए विशेष पूजा-अर्चना, स्वाध्याय एवं संयम का पालन करते हैं।

आर्यिका श्रुतमति माताजी ने अपने मंगल प्रवचन में कहा कि गुरु हमारे जीवन से अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। गुरु केवल वंदना के पात्र नहीं हैं, बल्कि उनके प्रति समर्पण और उनके बताए मार्ग पर चलना ही सच्ची गुरु पूजा है। उन्होंने कहा कि जीवन में ऐसे गुरु का चयन करना चाहिए जो विषय-कषायों से मुक्त होकर आत्मकल्याण का मार्ग दिखाएं। गुरु ही मोक्ष मार्ग का पथ प्रदर्शक होता है।

चातुर्मास समिति के सुरेंद्र बावड़ी एवं विनोद कुमार कलवाड़ा ने बताया कि कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर 28 अगस्त को पार्श्वनाथ चैत्यालय में रामस्वरूप, नोरतमल, कमलेश कुमार एवं सुरेश कुमार जैन मंडावरा वालों द्वारा ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर धर्म गुणामृत ट्रस्ट चकवाड़ा के मुख्य संयोजक अशोक जैन अनोपड़ा एवं अध्यक्ष विमल कुमार बड़जात्या के नेतृत्व में ट्रस्टियों ने पार्श्वनाथ भगवान को अर्घ्य अर्पित कर आर्यिका संघ से मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। जयपुर, निवाई, चौरू, चकवाड़ा, मौजमाबाद एवं फागी से आए श्रद्धालुओं ने विभिन्न तीर्थंकरों एवं आचार्यों के चरणों में अर्घ्य चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की।

समारोह में समाज श्रेष्ठी रामस्वरूप, शिखरचंद, राजेंद्र कुमार, सिद्ध कुमार एवं पवन कुमार मोदी परिवार फागी वालों ने प्रथम मुख्य कलश स्थापना का सौभाग्य प्राप्त किया। वहीं महावीर प्रसाद एवं दौलतमल जैन (गोल्ड पैलेस) परिवार ने पाद प्रक्षालन तथा नेमीचंद, रमेशचंद्र, पवन कुमार, अशोक कुमार एवं विनोद कुमार कागला परिवार ने वस्त्र भेंट करने का पुण्य अर्जित किया।

कार्यक्रम में बाड़ा पदमपुरा कमेटी अध्यक्ष सुधीर जैन, प्रसिद्ध वास्तुविद् राजकुमार कोठारी, धर्मगुणामृत ट्रस्ट के मुख्य संयोजक अशोक जैन अनोपड़ा, अध्यक्ष विमल कुमार बड़जात्या, महामंत्री जयकुमार गंगवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में फागी बार एसोसिएशन अध्यक्ष एडवोकेट पंकज जैन चौरू, निवाई जैन समाज प्रवक्ता विमल जोला, राकेश संघी, अजित काला, समाजसेवी सुनील पंसारी जयपुर, महावीर झंडा, महावीर अजमेरा सहित बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं मौजूद रहे।

कार्यक्रम का मंच संचालन प्रतिष्ठाचार्य मनीष गोधा एवं पारस मोदी ने किया।

राजाबाबू गोधा
जैन महासभा मीडिया प्रवक्ता, राजस्थान

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar