Saturday, July 11, 2026

रनर्स डे पर 12 वीक चैलेंज फिनिशर्स का सम्मान, आज जयपुर रनर्स क्लब की नई कार्यकारिणी का होगा इंस्टॉलेशन समारोह

जयपुर | शाबाश इंडिया

रनर्स डे के अवसर पर जयपुर रनर्स क्लब ने शनिवार सुबह यूएफसी जिम, जगतपुरा के सहयोग से मासिक रन का आयोजन किया। बड़ी संख्या में रनर्स और फिटनेस प्रेमियों ने इसमें भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर क्लब द्वारा आयोजित 12 वीक चैलेंज सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को फिनिशर मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

जयपुर रनर्स क्लब के सह-संस्थापक मुकेश मिश्रा ने कहा कि 12 वीक चैलेंज का उद्देश्य केवल अधिक किलोमीटर दौड़ना नहीं, बल्कि प्रतिभागियों में अनुशासन, निरंतरता और स्वस्थ जीवनशैली की आदत विकसित करना था। उन्होंने कहा कि प्रत्येक फिनिशर यह साबित करता है कि इच्छाशक्ति और नियमित प्रयास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

क्लब के सह-संस्थापक रवि गोयनका ने कहा कि जयपुर रनर्स क्लब वर्षों से शहर में रनिंग कल्चर को नई पहचान दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह संतोष की बात है कि आज हजारों लोग इस अभियान से जुड़कर फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं।

क्लब के निवर्तमान अध्यक्ष प्रवीण जैन तिजारिया ने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल रन आयोजित करना नहीं, बल्कि एक स्वस्थ, सक्रिय और प्रेरणादायक समुदाय का निर्माण करना है। उन्होंने बताया कि आने वाले वर्षों में जयपुर रनर्स क्लब और अधिक प्रभावी फिटनेस अभियानों एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन करेगा।

मासिक रन का सफल संचालन ऋषभ दूगर, सचिन भाटिया और राहुल बंसल ने मासिक रन कोऑर्डिनेटर के रूप में किया, जबकि निपुण वाधवा ने 12 वीक चैलेंज के कोऑर्डिनेटर के रूप में पूरे अभियान का सफल नेतृत्व किया। यूएफसी जिम, जगतपुरा की काजल पलसानिया ने कहा कि जयपुर रनर्स क्लब के साथ रनर्स डे मनाना उनके लिए गर्व की बात है और ऐसे आयोजन समाज में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस बीच जयपुर रनर्स क्लब की वर्ष 2026–2028 की नई कार्यकारिणी का इंस्टॉलेशन एवं शपथ ग्रहण समारोह आज (रविवार) शाम 4 बजे होटल गोल्डन ट्यूलिप, एम.आई. रोड, जयपुर में आयोजित होगा। समारोह में नई कार्यकारिणी पदभार ग्रहण करेगी। साथ ही क्लब की भावी कार्ययोजना, आगामी आयोजनों की घोषणा तथा विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रहेगी। जयपुर रनर्स क्लब ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों से समारोह में शामिल होने का आग्रह किया है।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar