जयपुर। शाबाश इंडिया

रोटरी क्लब जयपुर नॉर्थ ने अपने 16वें चार्टर डे का आयोजन मंगल विहार पार्क में सेवा, पर्यावरण संरक्षण और मित्रता के संदेश के साथ उत्साहपूर्वक किया। इस अवसर पर क्लब सदस्यों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का भी वचन दिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों ने केक काटकर क्लब के स्थापना दिवस का हर्षोल्लास के साथ उत्सव मनाया। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष आरटीएन अनिल जैन ने कहा कि रोटरी क्लब जयपुर नॉर्थ पिछले 16 वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्तदान, चिकित्सा शिविर, पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न सामाजिक सेवा परियोजनाओं के माध्यम से समाज की निरंतर सेवा कर रहा है।
उन्होंने कहा कि एक-एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर है। सभी नागरिकों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल का दायित्व भी निभाना चाहिए।
चार्टर डे समारोह में क्लब सदस्यों ने रोटरी के मूल मंत्र “Service Above Self” की भावना के साथ समाज सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर रोटरी क्लब जयपुर नॉर्थ के 16 गौरवशाली वर्षों की उपलब्धियों का उत्सव मनाया और भविष्य में सेवा कार्यों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।


