Friday, July 3, 2026

‘मेरा काम, मेरी पहचान’ प्रदर्शनी का शुभारम्भ, महिला सशक्तिकरण और उद्यमिता को मिला बढ़ावा

जयपुर | शाबाश इंडिया

महिला सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुनि संघ वैयावृत महिला समूह, महारानी फार्म के तत्वावधान में श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर परिसर में आयोजित दो दिवसीय ‘मेरा काम, मेरी पहचान’ प्रदर्शनी का गुरुवार को शुभारम्भ हुआ। समाजश्रेष्ठी अनिल-अमिता गोधा परिवार ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया, जबकि मुख्य अतिथि जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने भगवान आदिनाथ के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।

प्रदर्शनी में करीब 40 से 45 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प, घरेलू उत्पाद एवं अन्य रचनात्मक वस्तुओं का प्रदर्शन किया गया। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम की मुख्य संयोजिका प्रमिला शाह, संगीता छाबड़ा एवं लता सोगानी ने बताया कि महिला समूह से जुड़ी लगभग 800 महिलाएं सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन महिलाओं को अपनी पहचान बनाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह, आलोक शाह तथा पूरी प्रबंध समिति का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल, ऋद्धि-सिद्धि मंडल अध्यक्ष दीपा नाथावत तथा जिला सह-संयोजक (आईटी) अंशु गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। महिला समूह की पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों एवं मंदिर प्रबंध समिति के पदाधिकारियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

युवा परिषद् के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि प्रदर्शनी को महिलाओं का उत्साहजनक प्रतिसाद मिला। बड़ी संख्या में महिलाओं ने इसमें भाग लेकर महिला उद्यमिता एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि सांसद मंजू शर्मा एवं भाजपा प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल ने कहा कि जो महिलाएं अपना व्यवसाय या कार्य कर रही हैं, उन्हें अपनी पहचान बनाने के लिए इस प्रकार की प्रदर्शनियां अत्यंत उपयोगी और सराहनीय हैं। उन्होंने महिला समूह की इस पहल की प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

कार्यक्रम में मंदिर प्रबंध समिति के पूर्व अध्यक्ष कैलाश छाबड़ा, वरिष्ठ अधिवक्ता विमल कुमार जैन, डी.के. जैन सहित बड़ी संख्या में समाज के महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे। महिला समूह की संयोजिका प्रमिला शाह ने बताया कि प्रदर्शनी 4 जुलाई को रात्रि 8 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar