दिगम्बर जैन मंदिरों में हुए पूजा अर्चना के विशेष आयोजन
जयपुर। जैन धर्म के 19 वें तीर्थंकर भगवान मल्लिनाथ का जन्म व तप कल्याणक तथा 21 वें तीर्थंकर भगवान नमिनाथ का ज्ञान कल्याणक दिवस जैन श्रद्धालुओं द्वारा सोमवार, 01 दिसम्बर को भक्ति भाव से मनाया गया । इस मौके पर शहर के दिगम्बर जैन मंदिरों में पूजा अर्चना के विशेष आयोजन हुए ।
राजस्थान जैन युवा महासभा जयपुर के प्रदेश महामंत्री विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने बताया कि प्रातः भगवान मल्लिनाथ एवं नमिनाथ के अभिषेक के बाद विश्व में सुख शांति और समृद्धि की कामना करते हुए ।
शांतिधारा की गई । तत्पश्चात दोनों तीर्थंकरों की भक्ति भाव से नाचते गाते अष्ट द्रव्य से पूजा की गई । पूजा के दौरान मंत्रोच्चार के साथ भगवान मल्लिनाथ का जन्म कल्याणक श्लोक ” मार्गशीर्षे सुदी ग्यारसी राजई , जन्म कल्याणकों द्योस सो छाजई। इन्द्र नागेन्द्र पूजें गिरेंद्र जिन्हें, मैं जजौं ध्याय कें शीस नावौं उन्हें।। ” बोलकर जन्म कल्याणक अर्घ्य चढाया गया। इसी तरह से तप कल्याणक अर्घ्य तथा भगवान नमिनाथ का ज्ञान कल्याणक अर्घ्य चढाया गया । बाज छ बधाई राजा मल्लिनाथ के दरबार में… भजन की प्रस्तुति के बाद प्रभू की महाआरती की गई।
राजस्थान जैन युवा महासभा जयपुर के प्रदेश महामंत्री विनोद जैन ‘कोटखावदा’ के अनुसार एस एफ एस के श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में आचार्य सुन्दर सागर महाराज एवं आचार्य शशांक सागर मुनिराज के सानिध्य में अध्यक्ष कमलेश चन्द जैन एवं महामंत्री सोभाग मल जैन के नेतृत्व में तथा दुर्गापुरा के श्री दिगम्बर जैन मंदिर चन्द्र प्रभजी में गणिनी आर्यिका सरस्वती माताजी ससंघ के सानिध्य में अध्यक्ष प्रकाश चन्द चांदवाड एवं महामंत्री राजेंद्र काला के नेतृत्व में विशेष आयोजन किए गए । जैन के मुताबिक सांगानेर के श्री दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र मंदिर संघीजी, आगरा रोड स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र चूलगिरी, मोती सिंह भोमियो का रास्ता स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर चौबीस महाराज,दिगम्बर जैन मंदिर जीऊबाईजी,तारों की कूट पर सूर्य नगर स्थित श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर सहित कई मंदिरों में पूजा अर्चना के विशेष आयोजन किये जाकर कल्याणक महोत्सव मनाया गया ।


