नसीराबाद। मंगलवार को पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय- नान्दला, अजमेर में पीएम श्री स्कूल गतिविधि के अन्तर्गत तीन दिवसीय साईबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसका समापन दिनांक 20.11.2025 को किया जायेगा। ब्रैन एक्सीलेन्स से श्री चिराग मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। कार्यशाला का आयोजन विद्यालय के बहुउद्देश्य हॉल में किया गया। विद्यालय के प्राचार्य गिरि राज रेवाड़ एवं उप प्राचार्य अल्का कुलश्रेष्ठ ने चिराग का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। रेवाड़ ने बताया कि पीएम श्री स्कूल गतिविधि के अन्तर्गत तीन दिवसीय साईबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है जिसमें विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को साईबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जायेगा।
चिराग ने सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को साईबर अपराध के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आपकी अनुमति के बिना आपके अकाउन्ट से पैसे चुराना, सोशल मिडिया अकाउन्ट में सेंध लगाना, आपकी व्यक्तिगत जानकारी का गलत इस्तेमाल करना, डिजिटल अरेस्ट करना, इमोशनल ट्रेप का शिकार बनाना और आर्टिफिसिल इन्टलीजेन्स का इस्तेमाल कर फोटो एवं विडियों से छेड-छाड़ करना साईबर अपराध की श्रेणी में आता है। चिराग ने छात्र-छात्राओं को साईबर फ्रॉड का शिकार होने से बचने के लिए विभिन्न सुझाव दिये, जैसे इन्टरनेट पर ज्यादा समय बिताने से बचना, सोशल मिडिया अकाउन्ट के अलग-अलग पासवर्ड रखना, किसी भी लिंक पर बिना सोचे समझे प्रतिक्रिया देने से बचना, जरूरत ना होने पर वाईफाई, कैमरा एवं इन्टरनेट बन्द रखना, सोशल मिडिया अकाउन्ट पर व्यक्तिगत फोटो डालने से बचना और मजबूत पासवर्ड रखना आदि। उन्होने छात्र-छात्राओं को डिजिटल पहचान, डिजिटल फुटप्रिन्ट एवं डिजिटल अरेस्ट के बारे में विस्तार से बताया।
साईबर अपराध का शिकार बनने की स्थिति में बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि साईबर अपराध का शिकार होने पर 1900 पर शिकायत करें, नेशनल साईबर काईम के पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें और बैंक से सम्पर्क कर शिकायत दर्ज करें ताकि आपका पैसा वापिस लाया जा सके। उन्होने छात्र-छात्राओं को साईबर सुरक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध करियर के बारे में बताते हुए कहा कि आप साईबर सुरक्षा विश्लेषक, साईबर सुरक्षा सलाहकार, मालवेयर विश्लेषक और एथिकल हेकर आदि बन सकते है। आज के कार्यक्रम के संचालन में मुकेश कुमार शर्मा, नवीन कुमार शर्मा, ब्रजेश भार्गव ने विशेष भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ मौजूद रहे।


