24 नवम्बर से पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव एवं 27 नवम्बर से महामस्तकाभिषेक
पूरे विश्व से लाखों श्रद्धालु होंगे शामिल
गुरुवार,24 नवम्बर को मुख्यमंत्री करेंगे ध्वजारोहण से शुभारंभ

जयपुर/श्री महावीरजी । 21 वीं सदी का भगवान महावीर का प्रथम महामस्तकाभिषेक महोत्सव के अन्तर्गत भव्य पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव गुरुवार, 24 नवम्बर से करौली जिले के दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीरजी में विशाल स्तर पर शुरु होगा। वात्सल्य वारिधि आचार्य वर्धमान सागर महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में होने वाले इस महामहोत्सव का राजस्थान के मुख्य मंत्री अशोक गहलोत ध्वजारोहण कर शुभारंभ करेंगे। 24 नवम्बर से 4 दिसंबर तक चलने वाले इस महामहोत्सव में जयपुर सहित पूरे विश्व से लाखों श्रद्धालु शामिल होंगे। प्रबंधकारिणी कमेटी दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीरजी के अन्तर्गत गठित भगवान महावीर महामस्तकाभिषेक महोत्सव समिति के अध्यक्ष सुधान्शु कासलीवाल एवं महामंत्री महेन्द्र कुमार पाटनी ने बताया कि 24 से 28 नवम्बर तक आयोजित पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में भगवान महावीर की 24 फीट ऊंची खडगासन प्रतिमा सहित परिकरयुक्त चौबीसी एवं कमल मंदिर की नवग्रह अरिष्ट निवारक जिनालय की प्रतिमाओं की प्रतिष्ठा होगी।
प्रतिष्ठाचार्य संहितासूरी पं.हसमुख जैन धरियावद के निर्देशन में आयोजित इस पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में गुरुवार 24 नवम्बर को ध्वजारोहण एवं गर्भ कल्याणक की क्रियाएं होगी। प्रातः कटला प्रांगण से विशाल घटयात्रा जुलूस निकाला जाएगा।जो पाण्डाल में जाकर समाप्त होगा। मण्डप उदघाटन,चित्र अनावरण,दीप प्रज्ज्वलन,मंगलकलश स्थापना के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा प्रातः 11.35 बजे मुख्य ध्वजारोहण से पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। इस मौके पर काफी टेबल बुक एवं महामस्तकाभिषेक स्मारिका का विमोचन मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा।इस मौके पर उद्योग एवं देव स्थान मंत्री शकुन्तला रावत सहित कई राजनेता, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य श्रेष्ठीजन उपस्थित रहेंगे।
शुक्रवार,25 नवम्बर को जन्म कल्याणक महोत्सव मनाया जाएगा। शनिवार,26 नवम्बर को तप कल्याणक महोत्सव, रविवार,27 नवम्बर को केवल ज्ञान कल्याणक महोत्सव तथा सोमवार,28 नवम्बर को मोक्ष कल्याणक महोत्सव मनाया जाएगा। प्रचार संयोजक विनोद जैन ‘कोटखावदा ‘के मुताबिक दोपहर में भगवान महावीर की खडगासन प्रतिमा एवं चौबीसी प्रतिमाओं का मस्तकाभिषेक होगा। प्रतिदिन प्रातः 9.00 बजे आचार्य श्री के मंगल आशीर्वचन होंगे। सायंकाल महाआरती, शास्त्र सभा के बाद रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव एवं महामस्तकाभिषेक महोत्सव की तैयारियां जोरों से चल रही है। विशाल पाण्डाल बनाया जा रहा है।पूरे मंदिर परिसर सहित महावीर जी क्षेत्र को सजाया जा रहा है। भगवान महावीर एवं क्षेत्र के सम्बन्ध में प्रदर्शनी लगाई जा रही है। राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का पूरा सहयोग महोत्सव एवं श्री महावीर जी के विकास में मिल रहा है।
पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के गौरवशाली पात्रों में भगवान के माता पिता का पुण्यार्जन किरण देवी -राजकुमार सेठी, सौधर्म इन्द्र रोहन-अमिता कटारिया, चक्रवर्ती राजा सुरेश -शान्ता पाटनी, धनपति कुबेर दीपक- विनिता सेठी, यज्ञनायक श्रीपाल -कुसुम चूड़ीवाल, ईशान इन्द्र राजेश -विमला शाह,सनत कुमार इन्द्र पवन -प्रीति गोधा, माहेन्द्र इन्द्र तीर्थेश -प्रियंका छाबड़ा,राजा श्रेणिक अंकित -नैना पाटनी, ब्रह्म इन्द्र महेन्द्र कुमार -अंजना धाकडा, ब्रह्मेत्तर इन्द्र अनिल -अंजना जैन ने प्राप्त किया है।
