Saturday, September 21, 2024

पंचायत विकास मंत्री ने सीएचजेयू की ओर से पत्रकारों को बांटी 10-10 लाख की बीमा पॉलिसी

चंडीगढ़ एंड हरियाणा जर्नलिस्ट यूनियन ने पत्रकारों की अपने खर्चे पर करवाई व्यक्तिगत पॉलिसी

रमेश भार्गव/एलनाबाद। चंडीगढ़ एंड हरियाणा जर्नलिस्ट यूनियन ने प्रदेशभर में अपने पत्रकार सदस्यों का 10-10 लाख रुपए का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा करवाने का निर्णय लिया है। इसी निर्णय के तहत सीएचजेयू ने हरियाणा के पंचायत एवं विकास मंत्री देवेंद्र बबली के हाथों पत्रकारों की व्यक्तिगत बीमा पॉलिसी जारी करवाई गई। इस अवसर पर फतेहाबाद, टोहाना, रतिया, भूना, भट्टूकलां, जाखल, कुलां सहित पूरे फतेहाबाद जिले के सौ से ज्यादा पत्रकारों को बीमा पॉलिसी वितरित की गई। इस मौके पर फतेहाबाद के विधायक दुडा राम, रतिया के विधायक लक्ष्मण नापा, मुख्यमंत्री के मीडिया कोर्डिनेटर अशोक छाबड़ा, सीएचजेयू के प्रदेशाध्यक्ष राम सिंह बराड़, प्रदेश चेयरमैन बलवंत तक्षक, चंडीगढ़ प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष नलिन आचार्य, भाजपा जिला प्रभारी देव कुमार शर्मा व संयुक्त निदेशक प्रैस डा. साहिब राम गोदारा भी मौजूद रहे। इन बीमा पॉलिसी का पूरा खर्चा सीएचजेयू ने अपनी ओर से उठाने का निर्णय लिया है और जिन सदस्यों की बीमा पॉलिसी कराई जा रही है, उनसे इस पॉलिसी का खर्चा नहीं लिया जा रहा। फतेहाबाद के बाद अलग- अलग जिला वाइज पूरे हरियाणा में पत्रकारों को पालिसी वितरित की जाएगी।
हरियाणा के पंचायत एवं विकास मंत्री देवेंद्र बबली ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोलते हुए कहा कि पत्रकारों का काम बेहद जोखिम भरा होता है और फील्ड में काम करने वाले पत्रकारों को जान का जोखिम व दुर्घटना का भय हर समय बना रहता है। कैबिनेट मंत्री देवेंद्र बबली ने कहा कि चंडीगढ़ एंड हरियाणा जर्नलिस्ट यूनियन ने अपने खर्च पर यूनियन के सदस्यों का 10-10 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा करवाकर एक बेहद सराहनीय व नेक काम किया है। मंत्री देवेंद्र बबली, विधायक दुडा राम, लक्ष्मण नापा, अशोक छाबड़ा, देवकुमार शर्मा व डॉ. साहिब राम गोदारा ने सरकार द्वारा पत्रकारों के कल्याण के लिए बनाई नीतियों का उल्लेख किया और कहा कि सरकार पत्रकारों की समस्याओं को हल करने के लिए हमेशा तत्पर है। सीएचजेयू अध्यक्ष राम सिंह बराड़ व बलवंत तक्षक ने पत्रकारों की पेंशन बढ़ाने, डिजिटल पॉलिसी लागू करने के लिए सरकार की सराहना करते हुए पत्रकारों की बाकि मांगों व समस्याओं को विस्तार से रखा। सीएचजेयू की फतेहाबाद इकाई द्वारा राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकारिता की दशा, दिशा व भविष्य को लेकर एक संगोष्ठी का भी आयोजन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक दुड़ाराम व विधायक लक्ष्मण नापा ने की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के मीडिया कोर्डिनेटर अशोक छाबड़ा, सीएचजेयू के प्रदेशाध्यक्ष राम सिंह बराड़ व प्रदेश चेयरमैन बलवंत तक्षक ने बतौर मुख्य वक्ता शिरकत की। कार्यक्रम को चंडीगढ़ प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष नलिन आचार्य, भाजपा जिला प्रभारी देव कुमार शर्मा व संयुक्त निदेशक प्रैस डा. साहिब राम गोदारा, वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र भाटिया व देवेंद्र उप्पल ने भी संबोधित किया व कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए यूनियन के जिला अध्यक्ष सुनील सचदेवा सहित जिले की पूरी टीम व सीएचजेयू की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए। कार्यक्रम में तीन वरिष्ठ पत्रकारों जगदीश रावी, डॉ. कुमार कमल भास्कर व अमीर मदान को भी सम्मानित किया गया। विधायक दुडा राम कार्यक्रम की शुरुआत मंत्री देवेंद्र बबली, विधायक दुड़ाराम, लक्ष्मण नापा, अशोक छाबड़ा, राम सिंह बराड़, सुनील सचदेवा ने दीप प्रज्वलित कर की। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन पत्रकार सुशील बंसल ने किया। इस मौके पर आए हुए अतिथियों, वरिष्ठ पत्रकारों व समाज सेवियों को शॉल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article