Saturday, September 21, 2024

विश्व मुस्कान दिवस, जरा मुस्कुराइए!

जरा मुस्कुराइए कि मुस्कान का दिन है…
तोहफा खूबसूरत, अरमान का दिन है…
सौ मुश्किलों पर भारी एक मुस्कान…
मुस्कान से मुस्कान की मुलाकात का दिन है!
-आज वर्ल्ड स्माइल डे’ यानी कि ‘विश्व मुस्कान दिवस है, जिसे हर बरस अक्टूबर माह के पहले शुक्रवार को मनाया जाता है। -दुनिया को मुस्कान के महत्व से रूबरू कराने का खयाल अमेरिका के आर्टिस्ट ‘हार्वे बॉल’ को साल 1963 में तब आया, जब वे अपनी कला के रंग स्माइल फेस आइकॉन की विविधताओं में उकेरने में जुटे थे!
-सन1999 में पहली बार दुनिया भर में मुस्कुराहट की महत्ता को सेलिब्रेट किया गया।
-साल 2001में इस कलाकार ने दुनिया को अलविदा कहा और उनके नाम पर वर्ल्ड स्माइल फाउंडेशन सक्रिय हुआ।
-आज हम चैटिंग के दौरान जिन मुस्कुराते आइकॉन्स का इस्तेमाल करते हैं, वे कलाकार हार्वे बाल की देन हैं।

-निश्चित ही ‘वर्ल्ड स्माइल डे’ मनाने के पीछे का मकसद इंसान की जिंदगी में मुस्कान के महत्व को समझना, समझाना और मुस्कुराना है।
…………………………………
माना हजार मुश्किलों का नाम जिंदगी…
उठा पटक, आपाधापी, घमासान जिंदगी…
जीना है प्यारे जिंदादिली से जिनको…
हौसला मुस्कान का संवारे, कर आसान जिंदगी!

मुस्कान की नेमत…
मुस्कुराए सेहत!
लीजिए 365 दिन मुस्कुराते रहने का लाइसेंस!

-तनाव की घेराबंदी से बाहर आने का पहला टोटका खुशमिजाजी!
मुस्कुराइए और समाधान में जुट जाइए!

  • किसी बच्चे को गुदगुदाइए! उसकी खिलखिलाहट निश्चित ही उत्साह और सकारात्मकता को आमंत्रण देगी।
    -हर मुस्कान आपके ब्लड प्रेशर में कमी लाने का सबब बन सकती है।
    -मुस्‍कुराते समय शरीर से ‘इंडोर्फिन्स’ निकलता है, जो कि एक प्राकृतिक पेनकिलर का काम करता है। दर्द से कुछ राहत महसूस हो सकती है।

-मुस्कुराने से मन हल्का होकर मिजाज बदल जाता है। सोच में सकारात्मक भाव आने लगते हैं।

-मुस्कुराने से चेहरे की मसल्स की एक्सरसाइज होती है, त्‍वचा में कसाव आता है। असमय आते बुढ़ापे से बचा जा सकता है!

  • सोचिए आप कितने भाग्यशाली हैं कि मानव जीवन पाया है। प्रकृति ने और किसी जीव को हंसने मुस्कुराने की नेमत नहीं बख्शी!
    -मुसकान दिवस से एक दिन का नहीं , तीन सौ पैंसठ दिन मुस्कुराने का लाइसेंस लीजिए!
    ……………………………..
    मुस्कुराइये जनाब, नहीं तो भरो जुर्माना!
    जनता से जुड़े सरकारी दफ्तरों के कर्मचारियों से आमजन की अक्सर शिकायत रहती है कि उनका बर्ताव बेरुखी भरा हतोत्साहित करने वाला रहता है। इस समस्या को भांपते फिलिपीन्स के मेयर ने स्थानीय स्तर पर पारित कर सरकारी कर्मचारियों को दफ्तर में मुस्कुराते हुए काम करने का आदेश जारी किया।

आदेश में सरकारी कर्मचारियों को साफ कहा गया है कि जो इस आदेश को नहीं मानेगा, उसकी छह महीने की सैलरी काटी जा सकती है, नौकरी से सस्पेंड भी किया जा सकता है।
बहरहाल सरकारी कर्मचारियों को दफ्तर में मुस्कुराते हुए काम करते रहने का आदेश इसी सत्य को पुख्ता करता है कि जीवन में हंसते-मुस्कुराते रहना महत्वपूर्ण है, फिर चाहे आप दफ्तर में हों या घर पर. हालांकि, अभी तक इसे कानून नहीं बनाया गया। लेकिन आदेश के मुताबिक सरकारी कर्मचारियों को दफ्तर में मुस्कुराने का आदेश दिया गया है।
इस पॉलिसी का नाम स्माइल पालिसी है, जिसके तहत सरकारी कर्मचारियों को मु्स्कुराते रहने का आदेश दिया गया । मेयर स्थानीय सरकार के स्तर पर सेवाओं में सुधार करना चाहते थे। ऐसा इसलिए कि जब लोग अपने काम के लिए दफ्तरों में आएं तो उन्हें खुशनुमा माहौल मिल सके।

क्यूजॉन प्रांत के मूलाने टाउन में जुलाई 2022 में कार्यभार संभालते ही एरिस्टोटल ‘स्माइल पॉलिसी’ लेकर आए। मेयर का कहना है कि उन्हें शिकायत मिली थी कि स्थानीय स्तर पर अच्छा व्यवहार नहीं हो रहा है, इसीलिए, ये पॉलिसी लागू करने की जरूरत महसूस हुई। गौरतलब है कि मेयर बनने से पहले एरिस्टोटल एक ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट भी रह चुके हैं। वे चाहते हैं कि सरकारी कर्मचारियों के रवैये में बदलाव आना चाहिए। बहरहाल चेहरे पर मुस्कान चस्पां करने का असर मुस्कान ही होगा!
मुस्कुराइए न आप भी…

माना कि जिंदगी में मुश्किलें हजार हैं…
मुस्कुराइए कि भोर सुहानी, मौसम खुशगवार है!
आमीन!
साधना सोलंकी राजस्थानी

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article