
विशेषज्ञों ने संविधान के मूल्यों, नागरिक अधिकारों और महिलाओं की संवैधानिक सुरक्षा पर रखे विचार
जयपुर (शाबाश इंडिया)।
राजस्थान विश्वविद्यालय महिला संस्था (RUWA) की ओर से संविधान दिवस के अवसर पर गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रो. अमला बत्रा ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रो. आशा कौशिक एवं प्रो. लाड कुमारी जैन मुख्य अतिथि के रूप में तथा प्रो. सविता कमल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में प्रो. आशा कौशिक ने भारतीय संविधान की मूल भावना एवं उसके आधारभूत ढांचे पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनभागीदारी में निहित है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक को समान मताधिकार प्राप्त होने के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित बंधुता की भावना समाज में भाईचारे, समानता और आपसी सद्भाव को मजबूत बनाती है।
मुख्य अतिथि प्रो. लाड कुमारी जैन ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को जानने और समझने का अवसर प्रदान करता है। संविधान देश का सर्वोच्च कानून है और हमारी शक्ति का आधार है। उन्होंने संवैधानिक जवाबदेही एवं नागरिक जागरूकता के महत्व पर विशेष बल दिया।
उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 14 (समानता का अधिकार), अनुच्छेद 15 (भेदभाव का निषेध) एवं अनुच्छेद 19 (स्वतंत्रता से संबंधित अधिकारों) की व्याख्या करते हुए समाज में महिलाओं की स्थिति पर विचार व्यक्त किए। महिलाओं के अधिकारों के संदर्भ में उन्होंने सती प्रथा विरोधी कानून का उल्लेख किया तथा महिला सुरक्षा एवं समानता से जुड़े संवैधानिक और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही अनुच्छेद 42 के माध्यम से महिलाओं के लिए न्यायसंगत एवं मानवीय कार्य परिस्थितियों और मातृत्व राहत के महत्व को समझाया।
विशिष्ट अतिथि प्रो. सविता कमल ने संविधान और समाज में विद्यमान विभिन्न विषमताओं के संदर्भ में उसकी प्रासंगिकता पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान सामाजिक असमानताओं को दूर करने, समान अवसर उपलब्ध कराने तथा न्यायपूर्ण एवं समतामूलक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया गया। इस अवसर पर प्रो. प्रेरणा पुरी, एनसीसी कैडेट्स सहित संस्था के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संविधान के मूल्यों, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुता की भावना के प्रति जागरूकता बढ़ाना और महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों को रेखांकित करना रहा।


