Friday, November 27, 2026

परतापुर में सर्वतोभद्र महामंडल विधान का भव्य समापन, 200 दंपत्तियों ने लिए दाम्पत्य जीवन के संकल्प

श्रीजी की भव्य शोभायात्रा निकली, दीक्षार्थी कमला दीदी की विनौली रही आकर्षण का केंद्र

परतापुर (शाबाश इंडिया)।

धर्मनगरी परतापुर में आयोजित सर्वतोभद्र महामंडल विधान का बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर पं. श्री नमन भैया, बा. ब्र. एवं अथर्व भैया के कुशल निर्देशन में हवन की समस्त धार्मिक क्रियाएं विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुईं। आयोजन के समापन अवसर पर धर्म, संस्कार और पारिवारिक मूल्यों का अनूठा संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण परम पूज्य गुरु मां के पावन सान्निध्य में मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ दाम्पत्य संस्कार रहा। इसमें लगभग 200 दंपत्तियों ने सहभागिता कर अपने वैवाहिक जीवन को धर्म, मर्यादा और संस्कारों के अनुरूप जीने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर गुरु मां का पाद प्रक्षालन करने एवं उन्हें जिनवाणी भेंट करने का सौभाग्य नीलेश एवं ममता भैयावत परिवार को प्राप्त हुआ। विधान के समापन पर श्रीजी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा में दीक्षार्थी कमला दीदी (हरदुआ) को आकर्षक बग्गी में विराजमान कर उनकी भव्य विनौली भी निकाली गई।

दाम्पत्य जीवन वासना नहीं, प्रभु उपासना का माध्यम : गुरु मां

प्रवचन सभा को संबोधित करते हुए परम पूज्य गुरु मां ने दाम्पत्य जीवन की वास्तविक परिभाषा समझाई। उन्होंने कहा कि विवाह केवल वासना का नाम नहीं, बल्कि प्रभु की उपासना का माध्यम है। यह मात्र सांसारिक सुख प्राप्त करने का साधन नहीं, बल्कि धर्म और संस्कारों की स्थापना का अवसर है। जो दंपति सुयोग्य संतान को जन्म देकर उसे धर्म के मार्ग पर अग्रसर करते हैं तथा एक-दूसरे के सुख-दुःख में सहयोगी बनते हैं, वही वास्तविक अर्थों में आदर्श दंपति कहलाते हैं।

माताजी ने पद्मपुराण में वर्णित भगवान श्रीराम एवं माता सीता के आदर्श दाम्पत्य प्रसंग का उल्लेख करते हुए बताया कि माता सीता ने भगवान राम से सात वचन लिए थे। इनमें परस्त्री सेवन से दूर रहना, वेश्यागमन न करना, जुआ-सट्टा न खेलना, न्यायपूर्वक धन अर्जित करना, धर्मकार्यों में बाधा न डालना, अनुचित दंड न देना तथा कभी परित्याग न करने जैसे संकल्प शामिल थे।

माताजी ने कहा कि इन आदर्श वचनों का पालन करने वाले दंपति ही अपने जीवन को सुखी, संस्कारित और धर्ममय बना सकते हैं। जब जीवन से मर्यादाएं समाप्त होने लगती हैं, तब परिवार की सुख-शांति भी प्रभावित होती है।

एक-दूसरे के पूरक बनकर निभाएं दाम्पत्य जीवन

माताजी ने कहा कि दाम्पत्य जीवन को खुशहाल बनाने के लिए पति-पत्नी को एक-दूसरे का पूरक बनकर रहना चाहिए। जीवन केवल अधिकार जताने से सफल नहीं होता, बल्कि एक-दूसरे को समझने, सहयोग करने और साथ निभाने से सार्थक बनता है।

उन्होंने जैन दर्शन की दृष्टि से त्याग, सहनशीलता और समर्पण का महत्व समझाते हुए सती अंजना का प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि पवनंजय की पत्नी अंजना ने 22 वर्षों तक पति की उपेक्षा और विरह सहन किया, फिर भी अपने धैर्य और धर्म से विचलित नहीं हुईं।

200 दंपत्तियों ने लिए पांच मंगल संकल्प

प्रवचन के अंत में परम पूज्य गुरु मां ने उपस्थित दंपत्तियों को पारिवारिक जीवन को धर्ममय बनाने के लिए पांच विशेष संकल्प दिलाए। इनमें वर्ष में कम से कम एक बार तीर्थक्षेत्र एवं साधु-संतों के दर्शन करना, साधु-संतों के लिए चौका लगाना, जल्दबाजी में कोई निर्णय नहीं लेना, सप्ताह में एक दिन पति-पत्नी दोनों का साथ में पूजन करना तथा आत्महत्या जैसा कदम कभी नहीं उठाने का संकल्प शामिल रहा।

26 नवंबर को भीलवाड़ा की ओर होगा मंगल विहार

आयोजन के अंत में श्रद्धालुओं को सूचित किया गया कि परम पूज्य गुरु मां का 26 नवंबर 2026 को दोपहर 3 बजे परतापुर से भीलवाड़ा की ओर मंगल विहार होगा।

सर्वतोभद्र महामंडल विधान का यह समापन केवल धार्मिक आयोजन का समापन नहीं, बल्कि अनेक परिवारों के जीवन में धर्म, संस्कार, समर्पण और आदर्श दाम्पत्य जीवन के नए संकल्पों का शुभारंभ भी बना।

यह जानकारी अशोक पंचोरी ने दी।

रिपोर्ट : अजीत कोठिया डडूका, बांसवाड़ा (राजस्थान)

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar