Friday, November 27, 2026

पत्थरों में पढ़ी गई भारतीय ज्ञान-परंपरा की जीवंत पाठशाला

मीरा कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय विस्तार व्याख्यान एवं अकादमिक संवाद; मंदिर स्थापत्य, दर्शन और कला पर हुआ विमर्श

उदयपुर (शाबाश इंडिया)।

मंदिर केवल आस्था के दीप जलाने वाले स्थल नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता की बहुस्तरीय ज्ञान-संरचना के जीवंत दस्तावेज हैं। राजकीय मीरा कन्या महाविद्यालय में आयोजित विशेष राष्ट्रीय विस्तार व्याख्यान एवं अकादमिक संवाद में यह विचार प्रमुखता से उभरकर सामने आया।

भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के भारतीय ज्ञान परंपरा प्रभाग (आईकेएस) तथा राजस्थान सरकार के कॉलेज शिक्षा विभाग से पोषित शोध परियोजना के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए विद्वानों, शोधार्थियों, संकाय सदस्यों और छात्राओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सिटी पैलेस संग्रहालय, उदयपुर के उप संग्रहालयाध्यक्ष डॉ. हंसमुख सेठ ने भारतीय मंदिरों की संरचना को धर्म, दर्शन, कला और लोक-सांस्कृतिक चेतना के परिप्रेक्ष्य में समझाया। उन्होंने कहा कि गर्भगृह की आध्यात्मिक एकाग्रता, मंडप का सामुदायिक स्वरूप, शिखर की ऊर्ध्वमुखी कल्पना, प्रतिमा-विधान, मूर्तिकला और अलंकरण भारतीय चिंतन के गहरे प्रतीक हैं। मंदिरों में निहित स्थापत्य-विन्यास और कलात्मक भाषा को समझना हमारी पारंपरिक ज्ञान-दृष्टि से संवाद करने जैसा है।

शोध परियोजना के प्रधान अन्वेषक एवं चित्रकला विभाग के सहायक आचार्य डॉ. दीपक सालवी ने कार्यक्रम का आयोजन एवं संयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अंजना गौतम ने बताया कि परियोजना के तहत मेवाड़ और आसपास के सूर्य मंदिरों का क्षेत्रीय सर्वेक्षण, स्थापत्य एवं मूर्तिकला का फोटोग्राफिक प्रलेखन, शोध कार्यशालाएं, विशेषज्ञ व्याख्यान, कला प्रदर्शनियां तथा प्रकाशन किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि परियोजना का उद्देश्य मंदिर-विरासत में सुरक्षित वास्तु-सिद्धांतों, दार्शनिक अवधारणाओं और कलात्मक अभिव्यक्तियों का वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण कर उन्हें राष्ट्रीय अकादमिक विमर्श से जोड़ना है।

कार्यक्रम का संचालन छात्रा उषा भील और ललिता गमेती ने किया। प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने विशेषज्ञ के समक्ष अपनी जिज्ञासाएं रखीं और विषय से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर संवाद किया।

रिपोर्ट : राकेश शर्मा ‘राजदीप’

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar