Thursday, November 26, 2026

विश्व शांति महायज्ञ के साथ नौ दिवसीय विधान का भव्य समापन, श्रीजी की रथयात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

राज्यसभा सांसद नवीन जैन बोले—विश्व शांति एवं मानव कल्याण की मंगल भावना से हुआ विधान; मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज के सान्निध्य में श्रद्धालुओं ने दीं आहुतियां, मुख्य अतिथियों का हुआ स्वागत-सम्मान

आगरा (शाबाश इंडिया)। अष्टानिका महापर्व के पावन अवसर पर पीएनसी परिवार, आगरा की ओर से श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, डी-ब्लॉक, कमला नगर में आयोजित नौ दिवसीय श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य समापन हुआ। मुनिश्री समत्वसागर जी ससंघ के मंगल सान्निध्य में राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व तथा पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप कुमार जैन के संयोजन में आयोजित समापन समारोह में सुबह से ही जिनालय में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

विधान का शुभारंभ 17 नवंबर को अष्टानिका महापर्व के अवसर पर हुआ था। युगल प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन एवं आकाश जैन शास्त्री के निर्देशन में नौ दिनों तक प्रतिदिन भगवान जिनेंद्र देव का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन, विधान एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। अंतिम दिन बुधवार को भी भगवान जिनेंद्र देव के अभिषेक, शांतिधारा एवं नित्य नियम पूजन के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ।

धर्म, संयम और आत्मकल्याण का दिया संदेश

इस अवसर पर मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज ने अपने मंगल प्रवचनों में धर्म, संयम और आत्मकल्याण का संदेश देते हुए कहा कि धार्मिक अनुष्ठान मनुष्य को आत्मशुद्धि और आध्यात्मिक उन्नति की दिशा में प्रेरित करते हैं। जीवन में धर्म, सदाचार और संयम अपनाकर ही आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं को परोपकार, सद्भाव और सभी जीवों के प्रति करुणा की भावना रखने की प्रेरणा दी।

समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, भाजपा ब्रज क्षेत्र मंत्री वीना लवानियां एवं महिला आयोग की पूर्व सदस्य निर्मला दीक्षित सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। राज्यसभा सांसद नवीन जैन, पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप कुमार जैन एवं चक्रेश जैन ने अतिथियों का पटका पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि सिद्धचक्र महामंडल विधान का आयोजन संपूर्ण विश्व में शांति, सद्भाव और मानव कल्याण की मंगल भावना के साथ किया गया है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ ही आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने पीएनसी परिवार की ओर से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार का विशेष धार्मिक आयोजन पहली बार किया गया है। विधान के माध्यम से देश-दुनिया से हिंसा, वैमनस्य और वैचारिक कटुता समाप्त होने तथा सभी के जीवन में शांति, प्रेम, अहिंसा और सद्भाव स्थापित होने की मंगलकामना की गई।

विश्व शांति महायज्ञ में दीं आहुतियां

इसके बाद विश्व शांति एवं जनकल्याण की भावना के साथ विधि-विधानपूर्वक विश्व शांति महायज्ञ आयोजित किया गया। मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने यज्ञकुंड में आहुतियां समर्पित कर देश-दुनिया में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

महायज्ञ के पश्चात भगवान जिनेंद्र देव की भव्य रथयात्रा एवं पात्रों की शोभायात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों, भक्ति संगीत और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा मुख्य पंडाल से प्रारंभ होकर महावीर पार्क, चक्रेश जी की कोठी के पास से होते हुए डी-ब्लॉक, श्रीराम चौक, टंकी चौराहा एवं कमला नगर के विभिन्न मार्गों से निकली। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।

नौ दिवसीय महाअनुष्ठान के समापन पर निकली रथयात्रा में श्रद्धा, भक्ति और आकर्षण का अद्भुत संगम देखने को मिला। शोभायात्रा में सबसे आगे विधान महोत्सव का बैनर लेकर श्रद्धालु चल रहे थे। इसके पीछे ऊंटों पर सजे नगाड़े, सुंदर घोड़ियां, डीजे गाड़ियां और ढोल बजाने वाली टोलियां चल रही थीं। 12, 20 और 40 सदस्यीय बैंड सहित कई बैंडों ने अपनी मधुर धुनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। रजत रथ, घोड़ों से सुसज्जित रथ और छाताधारी शोभायात्रा के प्रमुख आकर्षण रहे। पारंपरिक वेशभूषा में बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर शोभायात्रा में शामिल हुईं।

परिवार के सदस्यों ने उत्साह से लिया भाग

पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप कुमार जैन अपने परिवार सहित पहली बग्गी पर तथा राज्यसभा सांसद नवीन जैन अपने परिवार सहित दूसरी बग्गी पर सवार रहे। चक्रेश जैन और योगेश कुमार जैन के परिवार भी अलग-अलग बग्गियों में शामिल हुए। परिवार की बुआ एवं अन्य रिश्तेदारों के लिए भी अलग से बग्गियों की व्यवस्था की गई थी। शोभायात्रा में परिवार की महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

भगवान श्रीजी को रथ पर विराजमान कर शोभायात्रा में लेकर चलने का सौभाग्य महेंद्र इंद्र वैभव जैन को प्राप्त हुआ। पूरे मार्ग में पुष्पवर्षा, आरती और जयकारों से शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर प्रदीप जैन पीएनसी, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, चक्रेश जैन, योगेश जैन, जगदीश प्रसाद जैन, मनोज जैन बाकलीवाल, यशपाल जैन, सुभाष जैन, नरेश जैन, प्रवीण जैन, विमल चौधरी, सुबोध जैन, वैभव जैन, आनंद जैन, अभिनंदन जैन, अनिरुद्ध जैन, हर्षवर्धन जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन, मीना जैन, रेनू जैन, माधवी जैन, आशिता जैन, ईशू जैन, निधि जैन, सलोनी जैन, मिताक्षरा जैन, मुन्नी जैन एवं प्रियंका जैन सहित समस्त पीएनसी परिवार के सदस्य, आगरा दिगंबर जैन परिषद के पदाधिकारी और आगरा जैन समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इस प्रकार नौ दिवसीय महाअनुष्ठान का समापन भगवान जिनेंद्र देव की आराधना, विश्व शांति की मंगलभावना और धर्ममय वातावरण के बीच हुआ।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar