Thursday, November 26, 2026

झंकार-2026 के दूसरे दिन कला, स्वाद और नृत्य का अनूठा संगम

फायरलेस कुकिंग में छात्राओं ने दिखाया पाककला कौशल, एकल नृत्य में बिखेरे सांस्कृतिक रंग

ब्यावर (शाबाश इंडिया)। श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय में आयोजित सामाजिक एवं सांस्कृतिक सप्ताह ‘झंकार-2026’ के दूसरे दिन फायरलेस कुकिंग एवं एकल नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता, पाककला और सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

फायरलेस कुकिंग प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपने कौशल और कल्पनाशीलता का परिचय देते हुए कलर सैंडविच, मिल्क शेक, कोल्ड कॉफी, गोलगप्पे, ओरियो केक, भेलपुरी, मूंगफली का सलाद, पापड़ी चाट और दही भल्ले सहित अनेक स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजन तैयार किए। इस गतिविधि के माध्यम से छात्राओं को बिना आग के व्यंजन बनाने के लिए प्रेरित करने के साथ उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ावा दिया गया। प्रतियोगिता में दिशिता गर्ग एवं निधि जैन ने प्रथम, हिना बानो एवं नीलम शर्मा ने द्वितीय तथा नुजहत एवं विनिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक की भूमिका जानवी भारवानी एवं सीए नंदिनी गोयल ने निभाई।

एकल नृत्य प्रतियोगिता में छात्राओं ने शास्त्रीय, लोक एवं आधुनिक नृत्य शैलियों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। भाव-भंगिमाओं, लयबद्ध गतियों और संगीत के साथ शानदार तालमेल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता में तन्वी अग्रवाल ने प्रथम, भव्या ने द्वितीय तथा अशमा कादरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक की भूमिका शुभांगी गर्ग एवं अंजू गर्ग ने निभाई।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.सी. लोढ़ा ने कहा कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं का सर्वांगीण विकास होता है। वहीं श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेंद्र पारख ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

झंकार सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इन प्रतियोगिताओं में छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें अपनी रुचि और कौशल निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना रहा।

रिपोर्ट: अमित गोधा

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar