
धर्म, समाज, संस्कृति और पत्रकारिता को समर्पित जीवन के 79 वर्ष पूर्ण कर 80वें वर्ष में प्रवेश
इंदौर (शाबाश इंडिया)। धर्म, समाज, संस्कृति और पत्रकारिता को समर्पित ऐसा व्यक्तित्व, जिसने अपने जीवन को शब्द, सेवा और संस्कार की त्रिवेणी में समर्पित कर दिया, वे डॉ. जैनेंद्र जैन आज 26 नवंबर को अपने जीवन के 79 वर्ष पूर्ण कर 80वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं।
उनकी जन्मभूमि बीना, जिला सागर रही, जबकि इंदौर उनकी कर्मभूमि है। यहीं उनका लालन-पालन हुआ और प्राथमिक शिक्षा से लेकर होम्योपैथी चिकित्सा की शिक्षा तक उन्होंने अध्ययन किया। यहीं से उनकी जीवन-साधना का शुभारंभ हुआ। लगभग छह दशक पूर्व दिगंबर जैन परवार नवयुवक मंडल का गठन हुआ, तो उसके प्रथम अध्यक्ष बनकर उन्होंने सामाजिक जीवन में पदार्पण किया। तब से आज तक वे धर्म, समाज और मानव सेवा के अनवरत पथ पर समर्पित भाव से आगे बढ़ रहे हैं।
चिकित्सक के रूप में उन्होंने 1965 से 2000 तक जूनी इंदौर में अपने क्लीनिक के माध्यम से असंख्य रोगियों की सेवा की। वहीं लेखक, पत्रकार, संपादक और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने समाज की चेतना को अपने शब्दों से नई दिशा दी।
डॉ. जैनेंद्र जैन ने अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं में महत्वपूर्ण दायित्वों का निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निर्वहन किया। इनमें दिगंबर जैन चंदा प्रभु परवार समाज धार्मिक ट्रस्ट एवं परवार सेवा समिति के मंत्री, परवार समाज मानव सेवा ट्रस्ट के महामंत्री, आदिनाथ धार्मिक ट्रस्ट, छत्रपति नगर के अध्यक्ष, दिगंबर जैन महासमिति की समन्वय समिति के सदस्य, दिगंबर जैन सोशल ग्रुप मेन के कार्यकारिणी सदस्य, दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के प्रवक्ता एवं मंत्री, श्री मूलचंद जैन पारमार्थिक ट्रस्ट के ट्रस्टी, जय भारत परस्पर सहकारी संस्था के अध्यक्ष एवं प्रशासकीय प्रबंधक तथा पत्र लेखक संघ मध्य प्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष जैसे दायित्व शामिल हैं।
संपादन के क्षेत्र में भी उनकी साधना उल्लेखनीय रही है। उन्होंने 35 वर्षों तक ‘जैन टाइम्स’, 10 वर्षों तक ‘परिणय प्रतीक’ और एक वर्ष तक ‘जैन दर्पण’ का संपादन किया। इसके साथ ही अनेक स्मारिकाओं का संपादन कर जैन पत्रकारिता को दिशा देने में योगदान दिया। वर्तमान में वे ‘सन्मति वाणी’ के संपादक मंडल के सदस्य हैं।
स्थानीय दैनिक समाचार पत्रों में उनके लगभग ढाई सौ ‘संपादक के नाम पत्र’ और दर्जनभर लेख प्रकाशित हुए हैं। इसके अलावा ‘धर्मयुग’, ‘साप्ताहिक हिंदुस्तान’, ‘दिनमान’, ‘अवकाश’, ‘रविवार’, ‘मध्य प्रदेश संदेश’ और ‘आदर्श परिवार’ जैसी राष्ट्रीय पत्रिकाओं में उनके आलेख प्रकाशित हुए। आकाशवाणी इंदौर से चिकित्सा एवं सामाजिक विषयों पर प्रसारित उनकी वार्ताएं भी उनकी बहुआयामी प्रतिभा की परिचायक हैं।
उनकी सेवाओं के लिए सकल दिगंबर जैन समाज ने उन्हें लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड, दिगंबर जैन महासमिति ने श्रेष्ठ सेवा सम्मान तथा ऋषभदेव गौरव न्यास ने पत्रकार गौरव सम्मान से अलंकृत किया है। डॉ. जैनेंद्र जैन ने इंदौर के दिगंबर जैन परवार समाज की गरिमा को नई ऊंचाई प्रदान की। समाज के एकमात्र चंदा प्रभु चैत्यालय को जिनालय में परिवर्तित कराने में उनकी अग्रणी भूमिका रही। इसके साथ ही आयु और अनुभव से समृद्ध समाजसेवियों के वृहद अभिनंदन समारोह की परंपरा प्रारंभ करने का श्रेय भी उन्हें जाता है।
उनके व्यक्तित्व की सबसे बड़ी विशेषता पारदर्शिता है। अपनों के साथ हंसना-बोलना और परायों में भी अपनापन बांटना, सीधा-सपाट जीवन, स्पष्ट विचार तथा धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों के प्रति अटूट लगन और ईमानदारी उन्हें विशिष्ट बनाती है।
इस पावन अवतरण दिवस पर प्रभु से यही मंगल भावना है कि डॉ. साहब आने वाले कम से कम 20 वर्ष और स्वस्थ एवं सानंद जीवन व्यतीत करें तथा शतायु होने का गौरव प्राप्त करें। उनके अमृत महोत्सवीय अवतरण दिवस पर हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं।
— मयंक जैन
अध्यक्ष, जिन शासन एकता संघ, इंदौर


