
भगवान शिव के आदर्शों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दिया सेवा, त्याग और समर्पण का संदेश; मेधावी छात्राओं को किया सम्मानित
जयपुर (शाबाश इंडिया)। माहेश्वरी समाज द्वारा संचालित माहेश्वरी गर्ल्स पब्लिक स्कूल, विद्याधर नगर का वार्षिकोत्सव 18 नवंबर को ‘शिवोहम’ थीम पर भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आदर्श विद्या मंदिर, अंबाबाड़ी में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रमुख शासन सचिव नवीन जैन तथा विशिष्ट अतिथि अखिल भारतीय माहेश्वरी समाज के महामंत्री एवं युवा उद्यमी राजकुमार काल्या रहे।
इस अवसर पर माहेश्वरी समाज के अध्यक्ष उमेश सोनी, महासचिव (शिक्षा) कमल सोमानी, मानद सचिव आशीष जाखोटिया सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। ‘शिवोहम’ थीम के अंतर्गत छात्राओं ने नृत्य-नाटिकाओं, नाट्य दृश्यों, ऑर्केस्ट्रा और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान शिव के आदर्शों तथा सेवा, त्याग, समर्पण और आत्मबोध के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
मानद सचिव आशीष जाखोटिया ने छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ विद्यालय की शैक्षणिक, सहशैक्षणिक एवं खेलकूद संबंधी उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि एजुकेशनवर्ल्ड पत्रिका की इंडिया स्कूल रैंकिंग्स 2026 में विद्यालय ने गर्ल्स डे स्कूल श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर 16वां, राजस्थान में दूसरा और जयपुर में दूसरा स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं समाज का गौरव बढ़ाया है।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती सारिका गौड़ ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और वर्षभर की उपलब्धियों की जानकारी दी।
‘शिवोहम’ थीम पर आधारित यह आयोजन भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और नारी शक्ति का सुंदर संगम बना। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समारोह ने उपस्थित जनों को सेवा, त्याग एवं समर्पण का प्रेरक संदेश दिया।


