
जयपुर | शाबाश इंडिया।
अर्हम ध्यान योग के प्रणेता श्री 108 प्रणम्य सागर जी महाराज के आशीर्वाद से दुर्गापुरा स्थित श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में अर्हम ध्यान योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्री दिगंबर जैन महिला महासमिति, त्रिशला संभाग दुर्गापुरा की ओर से किया गया। इसमें अर्हम ध्यान योग टीम के सदस्यों अभिषेक जैन, विनय जैन, पुलकित जैन, डॉ. दीपाली जैन, सोनाली जैन, शालिनी बज एवं सीमा जैन ने योगाभ्यास करवाया।
समिति अध्यक्ष श्रीमती रेणु पांड्या एवं छवि विनायक्या ने बताया कि कार्यक्रम का संचालन संस्थापक अध्यक्ष चंदा सेठी ने किया। इसमें दुर्गापुरा जैन समाज के अनेक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर ध्यान एवं योग का लाभ लिया।
इस अवसर पर अर्हम ध्यान योग टीम के सदस्य अभिषेक जैन ने कहा कि यह केवल एक योग सत्र नहीं, बल्कि स्वयं से मिलने की पावन यात्रा है। उन्होंने कहा कि तनाव और चिंता से दूर होकर समता एवं शांति का मार्ग अपनाना चाहिए। ध्यान के माध्यम से बिखरे विचारों को एकाग्र कर व्यक्ति अपने भीतर झांक सकता है और स्वयं के सत्य से साक्षात्कार कर सकता है।
कार्यक्रम में दीपावली के अवसर पर यह संदेश दिया गया कि हम बाहरी जगत को रोशन करने के साथ-साथ अपने भीतर भी ज्ञान, शांति और सद्भाव के दीप प्रज्वलित करें।
अंत में ट्रस्ट अध्यक्ष प्रकाश चांदवाड़, मंत्री राजेंद्र काला एवं त्रिशला संभाग अध्यक्ष रेणु पांड्या ने सभी उपस्थित अतिथियों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया।


