
जयपुर | शाबाश इंडिया।
लायंस क्लब जयपुर मेट्रो की चतुर्थ जनरल मीटिंग एवं संगीतमय मिलन समारोह रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को लेज़र इन ग्रैंड चाणक्य, एम.आई. रोड, जयपुर में उत्साह, आत्मीयता और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में लगभग 80 लायन सदस्यों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष लायन सुरेंद्र कुमार डिग्गीवाल ने की।
स्वास्थ्य जागरूकता सत्र में विशेषज्ञों ने दी उपयोगी जानकारी
कार्यक्रम का शुभारंभ आपसी मेल-मिलाप, फेलोशिप और अल्पाहार के साथ हुआ। इसके बाद शैल्बी हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जागरूकता सत्र में महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित गुप्ता ने हृदय संबंधी बीमारियों, उनके शुरुआती लक्षणों, बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जन डॉ. कृष्णा ने घुटनों एवं जोड़ों की समस्याओं, उनके उपचार और आधुनिक जॉइंट रिप्लेसमेंट तकनीकों के बारे में विस्तार से बताया। दोनों चिकित्सकों के व्याख्यान सदस्यों के लिए ज्ञानवर्धक रहे।
दिवंगत मीना बुरड़ को दी श्रद्धांजलि
चतुर्थ जनरल मीटिंग के प्रारंभ में क्लब सदस्य लायन सुभाष बुरड़ की धर्मपत्नी स्वर्गीय श्रीमती मीना बुरड़ के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएँ व्यक्त कीं।
इसके पश्चात मानद सचिव लायन अनिल जैन ने पिछली बैठक की कार्यवाही रिपोर्ट प्रस्तुत की। क्लब की गतिविधियों और आगामी योजनाओं पर चर्चा की गई। अक्टूबर माह में जन्मदिन एवं वैवाहिक वर्षगाँठ मनाने वाले सदस्यों का अभिनंदन कर उन्हें शुभकामनाएँ दी गईं।
दिलजीत सिंह की ग़ज़लों ने मोहा मन
जनरल मीटिंग के बाद आयोजित संगीतमय समारोह आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। अमेरिका से पधारे प्रसिद्ध ग़ज़ल गायक श्री दिलजीत सिंह ने अनूप जलोटा, हरिहरन और जगजीत सिंह जैसे लोकप्रिय गायकों की प्रसिद्ध ग़ज़लों एवं सदाबहार गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। उनकी मधुर गायकी ने उपस्थित सदस्यों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा वातावरण संगीत की सुरमयी लहरियों से गूंज उठा।
प्रायोजकों एवं संयोजकों का किया आभार व्यक्त
कार्यक्रम के प्रायोजक एवं संयोजक लायन इं. सी. के. बाफना तथा लायन डॉ. हरिओम बॉम्ब के सहयोग, कुशल संयोजन और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं से समारोह सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। क्लब की ओर से दोनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
समारोह के अंत में सभी सदस्यों ने स्नेहभोज का आनंद लिया। क्लब अध्यक्ष लायन सुरेंद्र कुमार डिग्गीवाल ने सदस्यों से सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी बनाए रखने का आह्वान किया। मानद सचिव लायन अनिल जैन ने उपस्थित सदस्यों और सहयोगकर्ताओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
लायंस क्लब जयपुर मेट्रो सेवा, सहयोग और फेलोशिप की भावना के साथ समाजहित में निरंतर सक्रिय रहने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।


