
जयपुर | शाबाश इंडिया।
सांगानेर स्थित एम्बिशन किड्स एकेडमी में शनिवार, 17 अक्टूबर को नवरात्रि के अवसर पर गरबा उत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे नन्हे विद्यार्थियों और शिक्षकों ने गरबा एवं डांडिया नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
‘नगाड़ा संग ढोल’, ‘ढोली तारो ढोल बाजे’, ‘चोगाड़ा’, ‘लंदन ठुमकदा’ और ‘बल्ले-बल्ले’ जैसे लोकप्रिय गीतों पर सभी ने जमकर नृत्य किया। आकर्षक सजावट और हिंदी, पंजाबी व गुजराती गीतों ने विद्यालय परिसर को उत्सवमय बना दिया।
चेयरमैन डॉ. एम.एल. जैन ‘मणि’ एवं सचिव डॉ. शांति जैन ने भारतीय संस्कृति से जुड़ने वाले आयोजनों के महत्व पर जोर दिया। प्राचार्या डॉ. अलका जैन ने कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों में रचनात्मकता और आत्मविश्वास बढ़ाती हैं। उपप्राचार्या अनीता जैन ने विद्यार्थियों को परंपराओं से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया, वहीं निदेशक डॉ. मनीष जैन ने सर्वांगीण विकास में ऐसी गतिविधियों की भूमिका बताई।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, ‘लर्निंग विद प्ले’ की भावना से आयोजित यह उत्सव बच्चों के लिए मनोरंजन, सांस्कृतिक शिक्षा और सामूहिक सहभागिता का यादगार अवसर बना।


