
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
कठिन परिस्थितियों, चुनौतियों और संघर्ष के बावजूद लगातार आगे बढ़ते रहने वाले जज्बे और उपलब्धियों को पहचान देने के लिए बीसीआई की ओर से ‘ज़िद्दी दिल शो’ अवॉर्ड समारोह का आयोजन 3 अक्टूबर 2026 को शाम 7 बजे स्टर्लिंग अरावली, उदयपुर में किया जाएगा। समारोह में बिजनेस, हेल्थकेयर, आर्ट्स, सोशल इम्पैक्ट सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले ‘रियल अचीवर्स’ को सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन में जे.एच.डब्ल्यू. एसोसिएट पार्टनर और स्टर्लिंग अरावली उदयपुर हॉस्पिटैलिटी पार्टनर की भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में सम्मानित होने वाली शख्सियतों की उपलब्धियों के साथ उनके संघर्ष, चुनौतियों और सफलता तक पहुंचने के सफर को भी सामने लाया जाएगा।
‘ज़िद्दी दिल’ की फाउंडर हीना पथिक ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल सफल लोगों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि ऐसी प्रेरक कहानियों को समाज के सामने लाना है, जिनमें विपरीत परिस्थितियों के बावजूद आगे बढ़ते रहने का संदेश छिपा है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के भीतर कुछ कर गुजरने की एक ज़िद होती है और जब यही ज़िद मेहनत, जुनून तथा निरंतर प्रयास से जुड़ती है तो वह दूसरों के लिए मिसाल बन जाती है।
बीसीआई के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने बताया कि बीसीआई बिजनेस नेटवर्किंग को केवल व्यापारिक संपर्कों तक सीमित नहीं रखना चाहता। संगठन का प्रयास विभिन्न क्षेत्रों, व्यवसायों और समुदायों के लोगों को एक मंच पर लाकर संवाद, सहयोग और नई संभावनाओं का वातावरण तैयार करना है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी गतिविधियों को भी बीसीआई लगातार अपने कार्यक्रमों से जोड़ रहा है।
जस्ट हेल्थ एंड वेलनेस के फाउंडर हिम्मत सिंह नाथावत ने कहा कि ‘ज़िद्दी दिल शो’ समाज में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों की उपलब्धियों और संघर्ष को पहचान देने की सार्थक पहल है। उन्होंने बताया कि जे.एच.डब्ल्यू. का उद्देश्य आम लोगों, इंश्योरेंस और मेडिकल फ्रेटर्निटी के बीच संवाद की दूरी कम करने के साथ स्वास्थ्य एवं मेडिकल अवेयरनेस को बढ़ावा देना है। इसके लिए टेक्नोलॉजी, स्ट्रैटेजी और आधुनिक माध्यमों के जरिए उपयोगी जानकारी समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
स्टर्लिंग अरावली उदयपुर के जनरल मैनेजर रविन्द्र महेन्द्र ने बताया कि आयोजन के लिए रिसॉर्ट की ओर से हॉस्पिटैलिटी और आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अरावली की पहाड़ियों के बीच करीब 2.5 एकड़ में फैले इस रिसॉर्ट में बड़े बैंक्वेट हॉल और करीब 40 हजार वर्गफीट का पीकॉक लॉन है, जहां विभिन्न बड़े आयोजन किए जाते हैं।
कार्यक्रम की तैयारियों के तहत ‘ज़िद्दी दिल शो’ के पोस्टर का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर बीसीआई अल्फा के चीफ एडवाइजर देवेंद्र सिंह करीर, धर्मवीर देवल, हीना पथिक, बीसीआई उत्सव के अध्यक्ष संजीव पाटवा, गिरीश शर्मा, प्रेमलता कुमावत और भूमि त्रिवेदी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। पोस्टर विमोचन के दौरान आयोजन की रूपरेखा और तैयारियों पर भी चर्चा की गई।
रिपोर्ट/फोटो: राकेश शर्मा ‘राजदीप’


