
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
बापू बाजार में चल रहे गणपति महोत्सव के चौथे दिन गुरुवार को श्रद्धा, भव्यता और राजसी ठाठ का अनूठा संगम देखने को मिला। श्री स्वास्तिक गणपति मित्र मंडल की ओर से आयोजित और ‘उदयपुर चा राजा’ के नाम से प्रसिद्ध महोत्सव में गणपति बप्पा को इस बार राजा के स्वरूप में सजाया गया। राजसी रूप में सजे बप्पा के दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही।
विशेष शृंगार में बप्पा को पचरंगी साफा और गुलाबी धोती पहनाई गई, वहीं हाथ में सजी तलवार ने उनके स्वरूप को और प्रभावशाली बना दिया। मुंबई में विशेष रूप से तैयार करवाई गई करीब 20 फीट ऊंची गणपति प्रतिमा का यह राजसी रूप भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा। पंडाल को भी आकर्षक गार्डन थीम पर सजाया गया।
मित्र मंडल के हिमांशु साहू और घनश्याम साहू ने बताया कि बप्पा को पांच प्रकार के 101 किलो फलों का विशेष भोग लगाया गया। रात्रि में महाआरती के बाद यही फल प्रसाद के रूप में सैकड़ों श्रद्धालुओं को वितरित किए गए।
महोत्सव को पर्यावरण संरक्षण के संदेश से जोड़ते हुए मंडल की ओर से श्रद्धालुओं को 251 तुलसी के पौधे भी भेंट किए गए। हिमांशु कुराडिया, यश साहू, विशाल साहू, मोहित बन्दवाल सहित कार्यकर्ताओं ने आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं।
दर्शन के लिए पहुंचे अनेक भक्तों ने अपनी मनोकामनाएं लिफाफों और धागों के माध्यम से गणपति बप्पा के चरणों में अर्पित कर उनके पूर्ण होने की प्रार्थना की।
रिपोर्ट: यौवन्तराज माहेश्वरी


