
जयपुर | शाबाश इंडिया।
सुबोध पब्लिक स्कूल, रामबाग में हिंदी पखवाड़ा 1 से 14 सितंबर तक उत्साह, उल्लास और रचनात्मकता के साथ मनाया गया। कक्षा 1 से 10 तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हिंदी भाषा के प्रति अपने प्रेम और रुचि को अभिव्यक्त किया।

पखवाड़े के दौरान विद्यार्थियों के लिए दोहा वाचन, हिंदी लेखन, नुक्कड़ नाटक, ऑनलाइन क्विज, हिंदी प्रार्थना सभा, कविता वाचन, बुकमार्क निर्माण तथा हिंदी प्रचार रैली सहित अनेक गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विद्यालय के विभिन्न बोर्डों पर हिंदी में लेखन कर भाषा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
नुक्कड़ नाटक और कविता वाचन के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी अभिनय एवं अभिव्यक्ति क्षमता का प्रदर्शन किया। वहीं, ऑनलाइन क्विज के माध्यम से विद्यार्थियों के हिंदी ज्ञान को रोचक ढंग से परखा गया। विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने उनके आत्मविश्वास और रचनात्मकता को भी बढ़ावा दिया।
पखवाड़े के दौरान प्रधानाचार्य डॉ. संजय पाराशर एवं संयोजक आलोक कुमार बम्ब के साक्षात्कार भी आयोजित किए गए। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को उनके अनुभवों, विचारों और ज्ञान को समझने का अवसर मिला। विद्यार्थियों को यह संदेश भी मिला कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और सकारात्मक सोच आवश्यक है।
पखवाड़े के अंतिम दिन विद्यालय के सभी शिक्षकों को हिंदी में तैयार किए गए बुकमार्क भेंट किए गए। हिंदी पखवाड़े की विभिन्न गतिविधियों ने विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति प्रेम, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति-कौशल को बढ़ावा दिया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भावनाओं और अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है।


