
जयपुर | शाबाश इंडिया।
राष्ट्रीय फेडरेशन के संस्थापक अध्यक्ष, जैन रत्न श्रद्धेय श्री प्रदीप कुमार कासलीवाल की पावन पुण्यतिथि एवं शिक्षक दिवस के अवसर पर दिगंबर जैन सोशल ग्रुप नवकार, जयपुर की ओर से शिक्षक एवं छात्रा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम 5 सितंबर 2026 को वरुण पथ जैन मंदिर प्रांगण में पूज्य गणिनी आर्यिका 105 श्री विभा श्रीमाता जी ससंघ के सानिध्य में संपन्न हुआ।

ग्रुप अध्यक्ष मोहनलाल गंगवाल ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात पूज्य माता जी का पाद प्रक्षालन कर शास्त्र भेंट किया गया। मंदिर जी में 2,100 रुपये की राशि भी जमा करवाई गई।
शिक्षक सम्मान के अंतर्गत प्रोफेसर आई.पी. जैन को सम्मानित किया गया। वे विश्वविद्यालय में वैज्ञानिक शिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं तथा उन्हें अमेरिका की प्रसिद्ध स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी द्वारा शीर्ष 2 प्रतिशत भारतीय वैज्ञानिकों में शामिल किया गया है।
छात्रा सम्मान के अंतर्गत बीसीए की छात्रा कु. अबनि जैन, सुपुत्री श्रीमती चिंतामणि जैन को आगे की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। नवकार ग्रुप की ओर से 11,000 रुपये, महा समिति आंचल की ओर से श्री महावीर बाकलीवाल ने 5,100 रुपये तथा ग्रुप के सक्रिय सदस्य श्रीमती निर्मला रारा एवं श्री पदम चंद रारा ने 34,000 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की।
शिक्षक एवं छात्रा का सम्मान अध्यक्ष मोहनलाल गंगवाल, महावीर बाकलीवाल, सुरेश जैन बांदीकुई, कैलाश चंद सेठी, राजेंद्र कुमार बाकलीवाल, अजीत कुमार जैन, श्रीमती चंद्रकांता छाबड़ा, कनक देवी जैन एवं श्रीमती कौशल्या जैन ने किया। दोनों को साफा, माला, शाल, मेडल एवं प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त प्रोफेसर मृदुला जैन एवं प्रोफेसर सुशीला टोंग्या का भी सम्मान किया गया। ग्रुप की ओर से मंदिर जी में 11,000 रुपये की राशि भी जमा करवाई गई।
अध्यक्ष मोहनलाल गंगवाल ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उपस्थित सदस्यों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे समाज में शिक्षा, प्रतिभा एवं सेवा को प्रोत्साहित करने वाला प्रेरणादायी आयोजन बताया।


