
जयपुर | शाबाश इंडिया।
जिला प्रशासन जयपुर के स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के अंतर्गत आगामी 11 सितंबर को जयपुर शहर में आयोजित होने वाले नगर निगम चुनाव में अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करने तथा मतदाताओं को जागरूक एवं प्रेरित करने के उद्देश्य से विशेष मतदाता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
अभियान के तहत एस.एस. जैन सुबोध पी.जी. कॉलेज, एस.एस. जैन सुबोध पी.जी. महिला महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) स्वयंसेवकों तथा स्काउट मंडल मुख्यालय, स्काउट एवं गाइड, बनीपार्क के स्वयंसेवकों ने रामबाग चौराहे पर मानव श्रृंखला बनाकर आमजन को मतदान के लिए जागरूक किया। स्वयंसेवकों ने राहगीरों एवं आम नागरिकों से आगामी 11 सितंबर को अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना राजस्थान के क्षेत्रीय निदेशक श्री एस.पी. भटनागर ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं एवं स्वयंसेवकों से मतदाता जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जिला स्वीप समन्वयक श्री दिनकर शर्मा ने कहा कि स्वीप कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने युवाओं से अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की।
जिला स्वीप समन्वयक एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्री अंकित शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से मतदाता जागरूकता संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि युवा सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करते हुए मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
महाविद्यालय प्राचार्या प्रो. (डॉ.) रेणु जोशी ने कहा कि युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों एवं नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता विकसित करना समय की आवश्यकता है। NSS स्वयंसेवकों द्वारा मानव श्रृंखला के माध्यम से दिया गया मतदान जागरूकता का संदेश समाज में सकारात्मक प्रभाव उत्पन्न करेगा।
कार्यक्रम में उप निदेशक जनसंपर्क, जिला प्रशासन जयपुर हेमंत सिंह, रेणु जिंदल, डॉ. अनंत विजया सोनी, डॉ. मुकेश शर्मा, डॉ. विशाल गौतम, डॉ. राकेश धाबाई, कार्यक्रम अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना सहित अनेक अधिकारी, शिक्षक, NSS स्वयंसेवक एवं स्काउट-गाइड स्वयंसेवक उपस्थित रहे। सभी ने आमजन को 11 सितंबर को अधिक से अधिक मतदान करने के लिए प्रेरित किया।


