
जयपुर | शाबाश इंडिया।
महावीर पब्लिक स्कूल की ओर से मंगलवार, 1 सितंबर 2026 को प्रातः 8:30 बजे महावीर सभा भवन में 13वीं अंतर्विद्यालयी कत्थक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों एवं विद्यालयों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में करीब 14 विद्यालयों के कत्थक कलाकार भाग लेकर अपनी नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा को विद्यार्थियों तक पहुंचाने और युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से कला और संस्कृति की मनोहारी छटा बिखेरेंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री रवि जैन, आईएएस, सेक्रेटरी, लोकल सेल्फ गवर्नमेंट डिपार्टमेंट्स एवं कमिश्नर, डायरेक्टरेट ऑफ लोकल बॉडीज, राजस्थान सरकार, जयपुर होंगे।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण प्रसिद्ध कत्थक नृत्यांगना श्रीमती मनस्विनी शर्मा की स्पेशल परफॉर्मेंस होगी। उनकी प्रस्तुति से कार्यक्रम में शास्त्रीय नृत्य की विशिष्ट छटा देखने को मिलेगी।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में भारतीय कला, संस्कृति एवं शास्त्रीय नृत्य के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।


