
जयपुर | शाबाश इंडिया।
प्रदेश के अधिस्वीकृत पत्रकारों को एक सशक्त, लोकतांत्रिक एवं गैर-राजनीतिक मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए राजस्थान अधिस्वीकृत पत्रकार संघ के गठन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। संगठन के प्रथम चरण में वरिष्ठ पत्रकार एवं समन्वय वाणी के संपादक डॉ. अखिल बंसल को संघ का संयोजक नियुक्त किया गया है। साथ ही संगठन को नीतिगत दिशा प्रदान करने के लिए 9 सदस्यीय एडवाइजरी बोर्ड का भी गठन किया गया है।
संघ के गठन की प्रारंभिक तैयारियों में डॉ. अखिल बंसल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके नेतृत्व में संगठन का लोगो, सदस्यता प्रपत्र एवं विस्तृत संविधान तैयार कर पारदर्शी और लोकतांत्रिक संगठनात्मक ढांचा विकसित किया गया है। संविधान में सदस्य अधिकार, संगठनात्मक संरचना, लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली तथा चुनाव व्यवस्था का समुचित प्रावधान किया गया है।

संगठन के विस्तार में वरिष्ठ पत्रकार धनरूप लाहोटी (नागौर), रामानंद शर्मा (झुंझुनूं), डॉ. भरत मिश्र (जयपुर), डॉ. राजकमल पारीक (पाली), अनिल माहेश्वरी (अजमेर), के. एस. त्रिवेदी (पाली) तथा गोविंद गोयल (श्रीगंगानगर) का विशेष सहयोग रहा। सभी ने संगठन की अवधारणा को मूर्त रूप देने, पत्रकारों से संवाद स्थापित करने तथा इसे प्रदेशव्यापी स्वरूप देने में सक्रिय योगदान दिया।
प्रारंभिक चरण में ही संगठन के आधिकारिक संवाद समूह से प्रदेश के विभिन्न जिलों के 170 से अधिक अधिस्वीकृत पत्रकार जुड़ चुके हैं। यह संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे पत्रकारों में संगठन के प्रति उत्साह और विश्वास स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
संयोजक डॉ. अखिल बंसल ने बताया कि शीघ्र ही प्रदेशव्यापी सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा। इसके बाद केंद्रीय कार्यकारिणी का गठन, संभागीय एवं जिला संयोजकों की नियुक्ति तथा जिला इकाइयों का विस्तार किया जाएगा, ताकि प्रत्येक जिले के अधिस्वीकृत पत्रकारों को प्रभावी प्रतिनिधित्व मिल सके।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों के समक्ष सुरक्षा, सम्मान, व्यावसायिक अधिकार, सामाजिक संरक्षण तथा संवाद से जुड़ी अनेक चुनौतियां हैं। ऐसे में एक संगठित एवं उत्तरदायी मंच की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। राजस्थान अधिस्वीकृत पत्रकार संघ पत्रकारों के हितों की रक्षा, उनके अधिकारों के संरक्षण, व्यावसायिक उन्नयन, प्रशिक्षण, पारस्परिक सहयोग तथा शासन-प्रशासन के समक्ष उनकी समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए समर्पित रहेगा। संगठन का उद्देश्य पत्रकारों को एकजुट कर उनकी गरिमा, स्वतंत्रता और सामाजिक प्रतिष्ठा को सुदृढ़ करना है।


