
जयपुर | शाबाश इंडिया।
आनंद विहार, जगतपुरा में गत एक माह से चल रहे निःशुल्क योग कार्यक्रम के अंतर्गत गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आनंद विहार योग परिवार की ओर से योग गुरु दिनेश खंडेलवाल का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में योग साधकों ने गुरु के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए दिनेश खंडेलवाल द्वारा निरंतर प्रदान की जा रही निःस्वार्थ योग सेवा के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित योगाभ्यास के महत्व पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम की संयोजिका सुजाता शरण ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित कर अनुशासित एवं स्वस्थ जीवन की दिशा में आगे बढ़ने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्राप्त करता है।
इस अवसर पर उपस्थित सभी साधकों ने नियमित योग करने तथा योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का संकल्प लिया।


