
मुरैना | शाबाश इंडिया।
जेएसी मुरैना जागृति द्वारा सावन मास के उपलक्ष्य में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘फुहारों की झंकार : झूमे गाएं, सावन मनाएं’ उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महिलाओं ने सावन के लोकगीत, नृत्य, काव्य-पाठ और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पारंपरिक उत्सव का आनंद लिया। पूरे आयोजन में भारतीय संस्कृति, आत्मीयता और संगठनात्मक एकता का सुंदर संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ सपना बंसल एवं लता गोयल की मनमोहक नृत्य प्रस्तुति से हुआ। इसके बाद ललिता दीक्षित ने सावन पर आधारित काव्य रचना ‘सैंया दिलवा दे चूड़ी…’ का प्रभावशाली पाठ कर खूब सराहना बटोरी। गीत-संगीत और मनोरंजक गतिविधियों में सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर संस्था की संस्थापक अध्यक्ष भावना जैन, अध्यक्ष इति माहेश्वरी, सचिव सुमन भदौरिया, कोषाध्यक्ष हेमलता मोदी सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में ज्योति मोदी एवं लता गोयल की विशेष भूमिका रही।
अध्यक्ष इति माहेश्वरी ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन भारतीय परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ-साथ सदस्यों के बीच आत्मीयता, सकारात्मक सोच और संगठन के प्रति जुड़ाव को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के समापन पर सभी सदस्यों को हरियाली, समृद्धि और शुभकामनाओं के प्रतीक स्वरूप सौभाग्य पौधा (गुड लक प्लांट) भेंट किया गया।
‘चाय पर चर्चा’ में संगठन और नेतृत्व पर संवाद
कार्यक्रम के दौरान ‘चाय पर चर्चा’ विषय पर विशेष संवाद सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें जेसीआई इंडिया एलुमनाई क्लब, जोन-6 की जोन अध्यक्ष जेसीआई सीनेटर रितिका गुप्ता ने संगठन के विस्तार, नेतृत्व क्षमता के विकास और सामाजिक दायित्वों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने सदस्यों से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि जेसीआई वर्षों से सेवा के क्षेत्र में संकल्प के साथ कार्य कर रही है और इसी भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
विशिष्ट अतिथियों का सम्मान, नए सदस्यों का स्वागत
कार्यक्रम में जोन अध्यक्ष रितिका गुप्ता का संस्था की ओर से सम्मान किया गया। साथ ही जेसीआई ग्वालियर सुरभि की सचिव नेहा अग्रवाल का भी अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर सोनम जैन, अनिता, अनुराधा दंडोतिया एवं निशा अग्रवाल को सदस्यता बैज प्रदान कर संस्था की सदस्यता दिलाई गई। नगर निगम मुरैना में एल्डरमैन नियुक्त हुईं जेसीआई सदस्य निधि गुप्ता का भी सम्मान किया गया। सभी नए सदस्यों का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया गया।


